विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

देवरिया के दोहरे हत्याकांड में पूछताछ के लिए 12 लोग उठाए गए, पांच दिन बाद भी पुख्ता सुराग का इंतजार

Published: Sat, 24 Oct 2026 02:07 PM (IST)

देवरिया में दो युवकों की नृशंस हत्या के पांच दिन बाद भी पुलिस को कोई ठोस सुराग नहीं मिला है, ...और पढ़ें

तीन दर्जन से अधिक कैमरों की खंगाली जा रही फुटेज। जागरण

तीन दर्जन से अधिक कैमरों की खंगाली जा रही फुटेज। जागरण

HighLights

  1. मृतक वकील यादव के रिश्तेदार से पुलिस पूछताछ कर रही है।

  2. सीसीटीवी फुटेज में संदिग्ध गतिविधियों वाला युवक दिखा है।

  3. ग्रामीणों ने रविवार तक पर्दाफाश न होने पर घेराव की चेतावनी दी।

संवाद सूत्र, लार/ लार रोड/मेहरौना। रामजानकी मार्ग पर दो युवकों की नृशंस हत्या के पांच दिन बाद भी पुलिस किसी ठोस नतीजे तक नहीं पहुंच सकी है। जांच के दौरान शुक्रवार को पुलिस ने मृतक वकील यादव के एक रिश्तेदार को उठा लिया है। इसी के साथ अलग-अलग जगहाें से दबिश देकर हिरासत में लिए गए अन्य संदिग्धों से भी कड़ाई से पूछताछ की जा रही है।

पिपरा चौराहे स्थित कंपोजिट शराब की दुकान के सीसी कैमरे के फुटेज में एक युवक की कुछ संदिग्ध गतिविधियां दिखाई देने की बात सामने आई है। हालांकि पुलिस ने युवक की संलिप्तता की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। उधर, हत्यारों की गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज ग्रामीणों ने रविवार तक पर्दाफाश नहीं होने पर मईल थाने के घेराव की चेतावनी दी है।

मईल थाना क्षेत्र के बढ़या हरदो गांव के समीप राष्ट्रीय रामजानकी राजमार्ग पर सीडीआर कंपनी के सामने मंगलवार की रात करीब 12 बजे करजहां निवासी वकील यादव और इटहुरा हजाम निवासी विनय यादव की धारदार हथियार से गला काटकर और पेट चीरकर हत्या कर दी गई थी। दशहरा मेले की रात हुई इस वारदात से पूरे जिले में सनसनी फैल गई थी। पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर शंकर ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पर्दाफाश के लिए पुलिस टीमें गठित की थीं।

सीसीटीवी फुटेज से तलाश रही कड़ियां
जांच के दौरान शुक्रवार की शाम करीब तीन बजे मईल पुलिस की टीम कस्बा लार चौकी पहुंची। यहां से बभनौली बारी निवासी उस युवक को पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई, जो मृतक वकील यादव का रिश्तेदार बताया जा रहा है। पिपरा चौराहे की कंपोजिट शराब की दुकान के सीसी कैमरे के फुटेज में उसकी संदिग्ध गतिविधियां दिखने की बात सामने आई है। फुटेज कस्बा चौकी प्रभारी कमलेश यादव को मिली थी। पुलिस इसी आधार पर युवक से पूछताछ कर रही है।

हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने के लिए एसओजी के अलावा चार पुलिस टीमें लगाई गई हैं। पुलिस घटनास्थल से लेकर लार के हाइडिल तिराहे तक तीन दर्जन से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल चुकी है। 50 से अधिक मोबाइल नंबर सर्विलांस पर रखे गए हैं। करीब एक दर्जन संदिग्धों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस शराब की दुकानों के आसपास की गतिविधियों और संदिग्ध संपर्कों की कड़ियां जोड़ने में जुटी है, लेकिन अब तक हत्याकांड का पर्दाफाश नहीं हो सका है।

यह भी पढ़ें- देवरिया में प्रेमी से शादी की जिद पर मोबाइल टावर पर चढ़ी युवती, प्रेमी डर कर हुआ फरार


सांसद ने परिजनों को दिया भरोसा, ग्रामीणों में आक्रोश
शुक्रवार को सलेमपुर के सांसद रमाशंकर राजभर विद्यार्थी दोनों मृतकों के घर पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिजनों को सांत्वना दी और हरसंभव सरकारी सहायता दिलाने का भरोसा दिया। साथ ही हत्याकांड का शीघ्र पर्दाफाश कर आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग उठाई।

उन्होंने ग्रामीणों से पुलिस को जांच के लिए थोड़ा और समय देने की अपील की। कहा कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने घटना से सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को भी अवगत कराने की बात कही। मईल थानाध्यक्ष विकास नाथ के अनुसार, जिले की पुलिस हत्याकांड के पर्दाफाश में जुटी है। अब सबकी निगाहें सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और पूछताछ से मिलने वाली कड़ियों पर टिकी हैं।

यह भी पढ़ें- देवरिया आग हादसा: नोनापार में चार की मौत, परिवार की खुशियां राख