बीहड़ की राह में जगाई शिक्षा की अलख, अब हरीशंकर त्रिपाठी को मिला राज्य अध्यापक पुरस्कार
शिक्षक हरीशंकर त्रिपाठी ने चित्रकूट के मानिकपुर में शिक्षा की तस्वीर बदली, जिससे गढ़चपा उच्च प्राथमिक विद्यालय में बच्चों का नामांकन और शैक्षिक स्तर बढ़ा।

शिक्षक हरीशंकर त्रिपाठी।
HighLights
गढ़चपा विद्यालय में 310 बच्चों का नामांकन सुनिश्चित किया गया।
12 शैक्षिक नवाचारों से बच्चों का शैक्षिक स्तर सुधारा गया।
उत्कृष्ट कार्यों के लिए राज्य अध्यापक पुरस्कार 2025 से सम्मानित हुए।
जागरण संवाददाता, चित्रकूट। मानिकपुर के दुर्गम और पिछड़े माने जाने वाले क्षेत्र में शिक्षा की तस्वीर बदलने में शिक्षक हरीशंकर त्रिपाठी ने मिसाल कायम की है। गढ़चपा के उच्च प्राथमिक विद्यालय को उन्होंने केवल पढ़ाई का केंद्र नहीं, बल्कि बच्चों और अभिभावकों के भरोसे का विद्यालय बनाया। उनके प्रयासों से सत्र 2025-26 में विद्यालय में 310 बच्चों का नामांकन हुआ।
नियमित उपस्थिति, गीत-कहानी और खेल आधारित शिक्षण से बच्चों का शैक्षिक स्तर भी सुधरा। वार्षिक परीक्षा में शत-प्रतिशत विद्यार्थी सफल हुए और 60 प्रतिशत से अधिक बच्चों ने 90 फीसदी से ज्यादा अंक हासिल किए। बेसिक शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य के लिए उन्हें वर्ष 2025 के राज्य अध्यापक पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।
विद्यालय की उपलब्धियां
310 बच्चों का नामांकन : सुसज्जित विद्यालय भवन, अभिभावक संगोष्ठी और स्कूल चलो अभियान के माध्यम से सत्र 2025-26 में 169 बालक और 141 बालिकाओं समेत कुल 310 विद्यार्थियों का नामांकन सुनिश्चित किया।
उपस्थिति में सुधार : घर-घर संपर्क, मासिक पुरस्कार वितरण और वार्षिकोत्सव में अभिभावकों के सम्मान से विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति बढ़ी।
12 शैक्षिक नवाचार : गीतों के माध्यम से शिक्षण, खेल-खेल में अधिगम, कहानी विधि और नुक्कड़ नाटक समेत 12 नवाचार लागू किए।
शानदार परीक्षा परिणाम : दीक्षा आधारित नियमित शिक्षण और बाल-केंद्रित गतिविधियों से वार्षिक परीक्षा में शत-प्रतिशत विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए। 60 प्रतिशत से अधिक बच्चों ने 90 फीसदी से ज्यादा अंक हासिल किए।
कक्षा नौ में शत-प्रतिशत प्रवेश : कक्षा आठ उत्तीर्ण सभी विद्यार्थियों का कक्षा नौ में प्रवेश कराया गया।
सम्मानों की उपलब्धि : विद्यालय को राष्ट्रीय स्तर पर स्वच्छ भारत विद्यालय सम्मान और राज्य स्तर पर स्वच्छ विद्यालय पुरस्कार प्राप्त हुआ।
राज्य अध्यापक पुरस्कार : बेसिक शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय एवं प्रशंसनीय कार्यों के लिए हरीशंकर त्रिपाठी को वर्ष 2025 के राज्य अध्यापक पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
राज्य पुरस्कार के लिए चयनित शिक्षक का परिचय
- हरीशंकर त्रिपाठी- प्रधानाध्यापक
- विद्यालय : उच्च प्राथमिक विद्यालय गढ़चपा
- विकासखंड : मानिकपुर
- नियुक्ति तिथि : 07 दिसंबर 1989
