चित्रकूट में स्कूलों की सुरक्षा होगी और पुख्ता, कटीले तार लगवाकर पूरी तरह सेफ किए जाएंगे 286 विद्यालय
चित्रकूट में आवारा कुत्ते के हमले के बाद छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए 286 परिषदीय विद्यालयों की चारदीवारी पर कटीले तार लगाए जा रहे हैं। ॉ ...और पढ़ें

HighLights
आवारा कुत्ते के हमले के बाद सुरक्षा पर विशेष जोर।
286 परिषदीय विद्यालयों में कटीले तार लगाने का कार्य।
शौचालय, पेयजल सहित अन्य कायाकल्प कार्य भी जारी।
जागरण संवाददाता, चित्रकूट। मऊ ब्लॉक के बोझ फार्म प्राथमिक विद्यालय में आवारा कुत्ते के हमले के बाद घायल छात्र की इलाज के दौरान मौत से सबक लेकर जिला प्रशासन परिषदीय विद्यालयों की सुरक्षा को लेकर कोई चूक नहीं करना चाहता है।
बाउंड्रीवाल बिहीन विद्यालयों में इसके निर्माण के साथ कम उंचाई वाली पहले से निर्मित बाउंड्री वाल के ऊपर कटीले तार लगवाकर विद्यालय के पढ़ रहे बच्चों को पूर्ण रूप से सुरक्षित किए जाने का काम तेज हो गया है।
जिले में ऐसे 286 विद्यालय चिह्नित हैं, जहां पर पहले से निर्मित बाउंड्री वाल में कटीले तार लगाने की जरूरत है। इसके साथ शौचालय, पेयजल सहित अन्य कार्य पूर्ण कराए जाएंगे।
पुराने विद्यालयों में अधिकांश जगह बाउंड्री वाल की ऊंचाई पर्याप्त नहीं है। इससे विद्यालय में आवारा कुत्ते या अन्य जानवर के घुसने की संभावनाएं बनी रहती हैं। कुछ विद्यालयों में कई बार जानवर अंदर पहुंच भी गए लेकिन कोई अनहोनी नहीं हुई।
मऊ के बोझ फार्म प्राथमिक विद्यालय जैसी घटना की पुनरावृत्ति रोकने के लिए कटीली तार लगवाने की प्रक्रिया शुरू है।
इसके अतिरिक्त विद्यालयों के कायाकल्प के अन्य पैरामीटर पेयजल, बालक, बालिका शौचालय उनमें पानी व्यवस्था, शौचालय और क्लासरूम में टायल्स लगवाना, दिव्यांग बच्चों के लिए अलग शौचालय, मल्टीपिल हैंडवाश, ब्लैक बोर्ड, ह्वाइट बोर्ड, स्मार्ट बोर्ड, किशन शेड, विद्यालय की पुताई, रैंप निर्माण, विद्युतीकरण व विद्युत उपकरण लगवाना, बालक बालिका के लिए पेशाब घर, फर्नीचर, नल में पानी और टोंटी लगवाने के साथ बाउंड्री वाल के साथ गेट लगवाने के कार्य हो रहे हैं।
आकड़े एक नजर में
- सदर ब्लॉक- 80
- रामनगर- 51
- मानिकपुर- 58
- मऊ - 65
- पहाड़ी - 32
परिषदीय विद्यालयों में कायाकल्प के सभी कार्य पहले से भी पंचायती राज विभाग करवा रहा है। ग्राम पंचायतों में यदि कहीं बजट की समस्या है तो अन्य मद से विद्यालयों को संतृप्त करने का कार्य किया जाएगा। कटीली तार लगवाने का कार्य शीघ्र पूरा कराया जाएगा।
- देवेंद्र सिंह, जिला पचांयत राज अधिकारी चित्रकूट