चंदौली में दर्दनाक सड़क हादसा: डीसीएम और बुलेट की टक्कर में पूर्व सैनिक राजेश यादव की मौत
चंदौली के चकिया-चंदौली मार्ग पर फत्तेपुर खुर्द गांव के पास एक सड़क हादसे में पूर्व सैनिक राजेश यादव की मौत हो गई। राजेश यादव सेना से सेवानिवृत्त होकर निजी सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्यरत थे और ड्यूटी से लौट रहे थे।

HighLights
चकिया-चंदौली मार्ग पर हुआ भीषण सड़क हादसा।
डीसीएम ट्रक और बुलेट की आमने-सामने टक्कर।
पूर्व सैनिक राजेश यादव की मौके पर मौत।
जागरण संवाददाता, चंदौली। चकिया-चंदौली मार्ग पर फत्तेपुर खुर्द गांव के पास रविवार को सड़क हादसे में बुलेट सवार पूर्व सैनिक राजेश यादव की मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस डीसीएम और चालक को कब्जे में ले लिया गया है। परिवार की ओर से तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
डीसीएम ट्रक ब्रेड लादकर चंदौली से शहाबगंज की ओर जा रहा था। वह जैसे ही फत्तेपुर खुर्द के पास पहुंचा था कि सामने से आ रहे बुलेट के बीच आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और इस पर सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल भेजवाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान राजेश यादव निवासी महमदपुर, कैथवलिया,थाना कोतवाली, जनपद गाजीपुर के रूप में हुई है। वह सेना से सेवानिवृत्त थे और वर्तमान में नौगढ़ क्षेत्र में निजी सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्यरत थे।
रविवार सुबह वह ड्यूटी समाप्त कर अपने घर लौट रहे थे। थानाध्यक्ष प्रियंका सिंह ने बताया कि डीसीएम ट्रक और चालक को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

