कड़ाके की सर्दी में बुखार के साथ-साथ जोड़ों और मांसपेशियों का दर्द कर रहा परेशान, बचाव के लिए करें यह काम
कड़ाके की सर्दी और गलन से स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ रहा है। बुलंदशहर के कल्याण सिंह मेडिकल कॉलेज की ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
कड़ाके की सर्दी से स्वास्थ्य पर बुरा असर।
बुखार, गठिया, वायरल संक्रमण के मामलों में वृद्धि।
ठंड से बचाव के लिए सावधानी बरतने की सलाह।
जागरण संवाददाता, बुलंदशहर। पिछले कई दिनों से पड़ रही कड़ाके की सर्दी और भीषण गलन का असर अब सीधे लोगों के स्वास्थ्य पर दिखने लगा है। कल्याण सिंह राजकीय मेडिकल कालेज की ओपीडी में मंगलवार को 1560 मरीज पहुंचे। इसमें बुखार, सर्दी-खांसी, वायरल के साथ गठिया की समस्या के मरीज भी पहुंचे। जोड़ और मांसपेशियों के दर्द से लोग परेशान हैं। त्वचा संबंधी दिक्कतें भी बढ़ रही हैं।
मेडिकल कालेज के मेडिसिन विभाग में 310 मरीज पहुंचे। इनमें बुखार, सर्दी-खांसी, वायरल संक्रमण, ब्लड प्रेशर आदि की शिकायतें लेकर मरीज पहुंचे हैं। तापमान गिरने से प्रतिरोधक क्षमता में कमी आई है। इससे इन रोगों में इजाफा हो रहा है। हड्डी रोग विभाग की ओपीडी में 190 मरीज पहुंचे। यहां जोड़ों का दर्द, गठिया, कमर और घुटनों की परेशानी मरीजों की संख्या में इजाफा देखा गया।
टीबी और चेस्ट रोग विभाग में 85 मरीज पहुंचे। ठंडी हवा के कारण दमा, सांस फूलना, खांसी और फेफड़ों के संक्रमण के मामले सबसे ज्यादा आए। जबकि ईएनटी विभाग में गला दर्द, जुकाम, कान और साइनस के मरीज सर्वाधिक रहे। जिला महिला अस्पताल के बाल रोग विशेषज्ञ डा. ओमप्रकाश का कहना है कि बाल रोग विभाग में 139 मरीज आए।
इनमें अधिकतर बच्चों की सर्दी-खांसी और बुखार की शिकायत रही। न्यूरो सर्जन और न्यूरोलाजिस्ट के यहां मरीज भी मरीजों की संख्या दो गुना हो गई है। ठंड के कारण नसों में दर्द, झनझनाहट, पुरानी न्यूरोलाजिकल समस्याओं के मरीज शामिल रहे। जिला अस्पताल के सीएमएस डा. प्रदीप राणा का कहना है कि सर्दियों में त्वचा रूखी होना सामान्य बात है। उस पर गर्म पानी से नहाने के बाद ऐसी दिक्कतें बढ़ गई हैं। रूखेपन के साथ खुजली, एलर्जी के मरीज अधिक आए। बालों के झड़ने, रूसी के भी मामले आए। रोज शैंपू करने से नुकसान होता है।
ये बरतें सावधानी
- गर्म नहीं बल्कि गुगनगुने पानी से नहाएं, इसे पीने में भी प्रयोग करें
- सुबह टहलना फिलहाल बंद कर दें, घरों में ही हल्का व्यायाम करें
- ठंडी हवा से बचें और शरीर को पूरा ढंकने वाले गर्म कपड़े पहनें
- हरी सब्जियां, सीजनल फल, ड्राई फ्रूट्स, गुड़, तिल, बाजरा खाएं
- बिस्तर गर्म करने के लिए चादर के स्थान पर गर्म कपड़ा बिछाएं
- अधिक गलन होने पर दोहरा कंबल या रजाई का इस्तेमाल करें
- शरीर को किसी भी तरह की दिक्कत होने पर तुरंत डाक्टर से मिलें
