VIDEO: बुलंदशहर में कांग्रेस का प्रदर्शन, पुलिस पर अभद्रता और मारपीट का आरोप; CEC का पुतला दहन करने से रोका
Bulandshahr News: बुलंदशहर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाते हुए कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हुई।।
HighLights
चुनाव आयोग पर आरोप लगाते हुए कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन को पहुंचे थे कांग्रेस कार्यकर्ता।
पुरुषों के साथ-साथ महिला कार्यकर्ताओं से भी पुलिसकर्मियों पर अभद्रता का आरोप।
जागरण संवाददाता, बुलंदशहर। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन करते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला दहन करने के दौरान पुलिस के साथ धक्का-मुक्की की। कार्यकर्ताओं ने नगर कोतवाल और पुलिसकर्मियों पर अभद्रता और मारपीट का आरोप लगाते हुए धरने पर बैठ गए। एक घंटे तक हंगामा चलता रहा। एएसपी और सीओ सिटी ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। कार्यकर्ता बिना ज्ञापन दिए जिला कार्यालय लौट गए।
सोमवार को जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं ने मलका पार्क में चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया। दोपहर एक बजे कालाआम चौराहे से होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे। इस दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन करने को लेकर कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच झड़प हुई।
पुलिस ने पुतला छीन लिया, जिससे गुस्साए कांग्रेसियों ने ज्ञापन देने से मना कर दिया। आरोप है कि नगर कोतवाल और पुलिसकर्मियों ने जिला उपाध्यक्ष भजनलाल जाटव और जिला को-आर्डिनेटर प्रज्ञा गौड़ के साथ अभद्रता की और मारपीट की।
जिलाध्यक्ष जियाउर्रहमान ने कहा कि नगर कोतवाल का व्यवहार पुलिस आचरण नियमावली के खिलाफ था। उन्होंने जानबूझकर धक्का मारा और कार्यकर्ताओं से मारपीट की। यदि 48 घंटे में कोतवाल पर कार्रवाई नहीं हुई, तो एसएसपी कार्यालय पर धरना दिया जाएगा। कोतवाल सुजीत उपाध्याय ने कहा कि उन्होंने केवल मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला कांग्रेसियों से छीना है, किसी नेता से अभद्रता नहीं की।
