बुलंदशहर में मुख्यमंत्री योगी का किसानों और युवाओं पर जोर, सपा-कांग्रेस पर निशाना साधा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुलंदशहर में 28 मिनट के भाषण में किसानों और युवाओं को साधा, सपा-कांग्रेस पर निशाना साधा। ...और पढ़ें

बुलंदशहर नुमाइश मैदान में जनसभा को संबोधित करते मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ। जागरण
जगमोहन शर्मा, बुलंदशहर। शहर के नुमाइश मैदान पर कार्यक्रम भले ही विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलांयास का रहा हो, लेकिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने 28 मिनट के भाषण में किसानों और नौजवानों को खूब साधा।
साथ ही सपा और कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। उन्होंने 2017 से पहले और बाद के उत्तर प्रदेश के अंतर को समझाते हुए सरकार की उपलब्धि गिनाई। किसानों को दिए मुआवजे के साथ ही गन्ना किसानों के भुगतान और चीनी मिल की बात करते हुए रोजगार के अवसर गिनाए।
उसमभरी गर्मी के बीच दोपहर एक बजकर तीन मिनट पर मुख्यमंत्री ने बुलंदशहर की विरासत से बात शुरू की और भविष्य की सियासत भाजपा को सौंपने की अपील के साथ समाप्त की। इस 28 मिनट के भाषण में उन्होंने जहां विकास परियोजना गिनाएं तो मुआवजा, गन्ने की मिठास, चाय चुस्की और रोजगार की बात की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2007 से 2017 तक प्रदेश में 29 चीनी मिलें बंद हुई तो 17 चीनी मिलें बेच दी गई। भाजपा सरकार में चीनी मिलें बंद नहीं होती बल्कि बंद मिलों को चलाने के साथ ही किसानों को समय से गन्ना भुगतान किया जा रहा है। इससे किसानों की संपन्नता बढ़ रही है।
लिंक एक्सप्रेस-वे और गंगा एक्सप्रेस-वे के मुआवजे को लेकर किसान चिंतित थे और भूमि देने को असमंजस में थे। किसानों की पीड़ा सांसद और विधायकों ने उनके पास पहुंचाई तो उन्होंने आश्वासन दिया कि वह भूमि दें और विश्वास रखें कि किसानों को मर्जी के मुताबिक मुआवजा मिलेगा। वो हमने दिया। 2017 से पहले नौकरियों के बदले सैफई परिवार वसूली करता था और मनमर्जी से नौकरी देता था।
खबरें और भी
वर्तमान में लखनऊ में जिस भी विभाग की सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र बंटते हैं। उसमें बुलंदशहर के युवा और नौजवान अवश्य होते हैं। बुलंदशहर जिला जवान और पूर्व सैनिकों का जिला है, इसलिए यहां जय जवान और जय किसान बुलंद है। एक्सप्रेस-वे या हाईवे की स्पीड वाहनों की रफ्तार नहीं बल्कि विकास और रोजगार सृजन की रफ्तार है।
योगी ने कहा कि जेवर एयरपोर्ट, फिल्म सिटी, आइटी सेक्टर, 50 लाख करोड़ के निवेश से युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान हो रहे हैं। भाजपा सरकार द्वारा नौ साल के कार्य गिनाते हुए बार-बार युवाओं और किसानों की बात की।
सपा पर हमला बोलते हुए कहा कि पहले युवा और किसानों के हक पर डकैती डाली जाती थी। गरीबों का राशन माफिया खाते थे। बेटियां गुंडों के भय से पढ़ाई छोड़ देती थी तो व्यापारी सूर्य अस्त होते ही प्रतिष्ठान बंद कर देते थे। मुख्यमंत्री के भाषण में युवा और किसानों ने बार बार तालियां बजाकर उनकी बात कर समर्थन किया।