विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बुलंदशहर में युवक की गला रेतकर हत्या, हाथ-पैर बांधकर नहर किनारे फेंका शव

Published: Sun, 12 Jul 2026 11:33 PM (GMT+05:30)

बुलंदशहर के खुर्जा देहात थाना क्षेत्र में 18 वर्षीय युवक जान मोहम्मद की गला रेतकर हत्या कर दी गई।

खुर्जा देहात क्षेत्र के गांव गंवा में घटनास्थल पर पहुंचे एसएसपी दिनेश कुमार सिंह

खुर्जा देहात क्षेत्र के गांव गंवा में घटनास्थल पर पहुंचे एसएसपी दिनेश कुमार सिंह

HighLights

  1. 18 वर्षीय युवक जान मोहम्मद की गला रेतकर हत्या।

  2. हाथ-पैर बांधकर शव नहर किनारे मिट्टी में दबाया।

  3. पुलिस ने हत्यारों की तलाश में चार टीमें लगाईं।

संवाद सहयोगी, बुलंदशहर। युवक की गला रेतकर हत्या कर दी गई और उसके शव को हाथ पैर बांधकर नहर किनारे फेंक दिया। हत्या की सूचना पर एसएसपी समेत अन्य अधिकारियों ने मौके पर पहुंच कर जानकारी ली। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हत्यारोपित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस और सर्विलांस की चार टीमों को लगाया गया है।

थाना खुर्जा देहात थाना क्षेत्र के गवां गांव में रविवार शाम नहर किनारे एक 18 वर्षीय युवक का गला रेता हुआ शव मिला। युवक के हाथ-पैर रस्सी से बांध मिले और शव मिट्टी के ढेर में आधा दबा मिला। युवक की शिनाख्त मुर्तजाबाद भटवारा गांव निवासी 18 वर्षीय जान मोहम्मद पुत्र दीन मोहम्मद के रूप में हुई है।

घटना स्थल से लगभग 300 मीटर दूर जंगल में उसका टेंपो खड़ा मिला। युवक की निर्मम हत्या की सूचना मिलते ही स्वजन में कोहराम मच गया। सूचना पर एसएसपी दिनेश कुमार सिंह समेत भारी पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर बारीकी से जांच-पड़ताल की। युवक के पिता दीन मोहम्मद ने बताया कि उनका बेटा जान मोहम्मद दिल्ली में वेल्डिंग का काम करता था और दो दिन पहले ही घर आया था।

शनिवार सुबह वह पिता का टेंपो लेकर बुलंदशहर के भूड़ चौराहे के लिए यह कहकर निकला था। उसने बताया था कि कि कोई बुकिंग है और वह दोपहर तक लौट आएगा। दोपहर तीन बजे तक जब वह घर नहीं पहुंचा, तो उसे फोन किया, लेकिन मोबाइल स्विच ऑफ था। इसके बाद अनहोनी की आशंका पर स्वजन ने खुर्जा देहात थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई।

उन्होंने बताया कि रविवार शाम को वह तलाशते हुए गवां गांव के जंगलों में पहुंचे, जहां पहले टेंपो लावारिस हालत में खड़ा मिला। इसके बाद जब आसपास ढूंढा गया, तो नहर किनारे मिट्टी के ढेर में जान मोहम्मद का लहूलुहान शव बरामद हुआ। उसका गला धारदार हथियार से रेता गया था।

पिता ने बताया कि उसके छह बच्चों में जान मोहम्मद सबसे बड़ा था, उसके बाद चार पुत्री ओर एक छोटा बेटा है। मौके पर काफी लोगों की भीड़ जमा हो गई। एसएसपी दिनेश कुमार सिंह का कहना है कि जांच में युवक की हत्या किया जाना सामने आया है।

युवक के स्वजन से वार्ता के दौरान कुछ अहम सुराग मिले लगे हैं। स्वाट और सर्विलांस समेत चार टीमों को घटना का राजफाश कर आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगाया गया है। जल्द ही घटना का राजफाश किया जाएगा। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

यह भी पढ़ें- 16 राज्यों से साइबर ठगी की रकम पहुंची बुलंदशहर के बैंक में, नेशनल साइबर क्राइम टीम खंगाल रही कुंडली