जिस दरवाजे पर होना है बेटी की बरात का स्वागत, वहां जलभराव और गंदगी का अंबार; पिता चितिंत
बुलंदशहर के चरौरा गांव के लोग जलभराव और गंदगी से परेशान हैं। कई शिकायतों के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ है। जिन परिवारों में विवाह समारोह हैं, उन ...और पढ़ें

गांव चरौरा में बेटी की शादी के कार्ड के साथ ग्रामीण, गांव में हुआ जलभराव। जागरण
HighLights
बुलंदशहर के गांव चरौरा में जलभराव की स्थिति।
ग्रामीणों की शासन से तत्काल समाधान की मांग की।
संवाद सूत्र, अहार (बुलंदशहर)। एक ओर घर की दीवारों पर बने शुभ विवाह के मंगल चिन्ह और शहनाइयों की तैयारी, तो दूसरी ओर दरवाजे पर जमा गंदा पानी यह विरोधाभासी दृश्य गांव चरौरा में एक परिवार की पीड़ा को बयां कर रहा है। 30 अप्रैल को चरौरा गांव निवासी मनोज की बेटी पायल की शादी तय है, लेकिन घर के मुख्य रास्ते पर फैला कीचड़ और बदबूदार जलभराव इस खुशी के मौके पर ग्रहण लगा रहा है।
जिस दरवाजे से बारात का स्वागत होना है, वहीं गंदगी और पानी का अंबार लगा हुआ है। मनोज बताते हैं कि उन्होंने कई बार संबंधित अधिकारियों से इस समस्या को लेकर गुहार लगाई। हर बार केवल आश्वासन मिला, हालांकि पिछले दो दिनों से ग्राम प्रधान द्वारा पानी की निकासी के लिए पंप का सहारा ले रहे है, लेकिन जलभराव अधिक होने के चलते हालात जस के तस बने हुए हैं।
परिवार की महिलाएं भी चिंतित हैं कि बारौठी पर जलभराव के बीच दूल्हा कैसे पहुंचेगा। मेहमानों का स्वागत जलभराव के बीच कैसे होगा और बेटी की विदाई किस माहौल में की जाएगी। ग्रामीणों का कहना है कि यह समस्या केवल एक परिवार तक सीमित नहीं है। पिछले काफी समय से गांव में जलभराव की यही स्थिति बनी हुई है, लेकिन जिम्मेदार लोग इस ओर ध्यान नहीं देते।
बेबस पिता और ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि तुरंत संज्ञान लेकर इस समस्या का समाधान किया जाए। ताकि एक पिता अपनी बेटी की बारात का स्वागत गर्व और सम्मान के साथ कर सके। ग्राम सचिव राजीव कुमार ने बताया कि मामला संज्ञान में है जल्द ही समस्या का समाधान करा दिया जाएगा।