बुलंदशहर के अंबकेश्वर धाम में शिवभक्तों पर हेलीकॉप्टर से हुई पुष्प वर्षा, गूंजे बम-बम भोले के जयकारे
बुलंदशहर के अहार स्थित अंबकेश्वर महादेव मंदिर में सावन के दौरान डीएम और एसएसपी ने हेलीकॉप्टर से शिवभक्तों पर पुष्प वर्षा की। ...और पढ़ें

अंबकेश्वर महादेव मंदिर पर शिवभक्तों के स्वागत में हेलीकाप्टर से पुष्प वर्षा
HighLights
डीएम-एसएसपी ने हेलीकॉप्टर से की पुष्प वर्षा।
अंबकेश्वर महादेव मंदिर में शिवभक्तों पर फूलों की बारिश।
सावन में कांवड़ियों का उत्साह और भक्तिमय माहौल।
संवाद सूत्र, बुलंदशहर। सावन की भक्ति में रविवार को अहार स्थित पौराणिक शयम्भू श्री अंबकेश्वर महादेव मंदिर पर आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। भगवान भोलेनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए कांवड़ लेकर पहुंचे शिवभक्तों पर डीएम कुमार हर्ष और एसएसपी दिनेश कुमार ने हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा कर उनका अभिनंदन किया।
श्रद्धालुओं पर बरसते फूलों के बीच गूंजते हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष से पूरा अंबकेश्वर धाम शिवमय हो उठा। आसमान से बरसती फूलों की पंखुड़ियों के बीच कांवड़ियों का उत्साह देखते ही बन रहा था।
कोई हाथ जोड़कर भगवान शिव का स्मरण कर रहा था तो कोई हर-हर महादेव का जयघोष करते हुए पुष्प वर्षा का आनंद ले रहा था। मंदिर परिसर श्रद्धालुओं के जयकारों ने माहौल को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया।
कांवड़ियों में दिखा भारी उत्साह
मान्यता है कि शयम्भू श्री अंबकेश्वर महादेव स्वयंभू शिवलिंग के रूप में विराजमान हैं। सावन में यहां दूर-दराज से बड़ी संख्या में शिवभक्त पहुंचकर पवित्र जल से भगवान आशुतोष का अभिषेक करते हैं। कांवड़ियों के लिए यह यात्रा केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि भगवान शिव के प्रति अटूट आस्था और समर्पण का प्रतीक है।
डीएम और एसएसपी की ओर से की गई पुष्प वर्षा को श्रद्धालुओं ने भगवान शिव के भक्तों के प्रति सम्मान और स्वागत का भाव बताया। फूलों की वर्षा होते ही कांवड़ियों में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार हो गया।
कुछ ही पलों में पूरा अंबकेश्वर धाम फूलों की पंखुड़ियों से ढक गया। चारों ओर भगवा रंग, कांवड़ियों की कतारें और गूंजते शिव जयकारे सावन की दिव्यता का एहसास करा रहे थे। पुष्प वर्षा का यह दृश्य श्रद्धालुओं के लिए आस्था, सम्मान और भक्ति से जुड़ा पल बन गया।