MP चंद्रशेखर की गाड़ी यातायात नियमों का उल्लंघन कर रोड पर दौड़ी, VIDEO में रूफटाॅप पर दिखे सांसद और साइड में लटके गनर
सांसद चंद्रशेखर की गाड़ी का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वे छत से बाहर बैठे दिख रहे हैं ...और पढ़ें
HighLights
नगीना सांसद चंद्रशेखर की गाड़ी का 15 सेकंड का वीडियो हुआ वायरल।
वीडियो वायरल होने पर लोग तरह-तरह प्रतिक्रिया दे रहे हैं।
जागरण संवाददाता, बिजनौर। आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और नगीना लोकसभा सीट से सांसद चंद्रशेखर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वह गाड़ी का रूफटाप खोलकर खड़े हुए हैं और उनके सुरक्षाकर्मी अगल-बगल लटके नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है 15 सेकंड का यह वीडियो संभल का है।
वीडियो में दिख रहा है कि एक साइड में दो सुरक्षाकर्मी, दूसरी साइड में तीन सुरक्षाकर्मी गाड़ी में लटके हुए हैं। गाड़ी चल रही है। वीडियो वायरल होने पर लोग तरह-तरह प्रतिक्रिया दे रहे हैं। उनका कहना है कि जब सांसद ही इस तरह नियमों का उल्लंघन करेंगे तो इससे क्या संदेश जाएगा? जिले के कुछ लोग इस वीडियो को मेरठ-पौड़ी हाईवे का बता रहे थे।
उधर, एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बताया कि वीडियो संज्ञान में आया है। वीडियो चंदौसी का है। इस संबंध में वहां के एसपी को वीडियो संलग्न कर रिपोर्ट भेजी जा रही है। सांसद चंद्रशेखर का कहना है कि चंदौसी में हाल ही में रैली थी। वहां ऐतिहासिक भीड़ थी। गाड़ी के आगे जाम लग गया।
पुलिस भी जाम खुलवाने में लगी थी। उन्हें हटाने और रास्ता साफ करने के लिए गाड़ी के ऊपर आना पड़ा। सड़क पर जाम लगे और उनके कार्यकर्ताओं की जान मुसीबत में आए, मैं ऐसा बिल्कुल बर्दाश्त नहीं कर सकता। लोगों की जान बचाने के लिए ऐसा किया। जिसे कार्रवाई करनी है तो वह कर सकता है।
यातायात नियमों के प्रति लोगों को किया जागरूक
शेरकोट: बिजनौर पुलिस ने नेशनल हाईवे पर स्थित हरेवली तिराहे पर चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरुक किया। साथ ही हेलमेट लगाकर दोपहिया वाहन चलाने के महत्व के बारे में जानकारी दी।
बुधवार शाम पुलिस ने हरेवली तिराहे पर सुरक्षा को लेकर अभियान चलाया। इस मौके पर बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वाले चालकों को रोककर हेलमेट के महत्व और यातायात नियमों का पालन करने के प्रति जागरूक किया। थानाध्यक्ष रामप्रताप सिंह ने बताया कि तिराहे से गुजर रहे दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनकर वाहन चलाने की सलाह दी।
अभियान के दौरान बिना हेलमेट मिले दस चालकों को पुलिस की ओर से हेलमेट वितरित किए गए। पुलिस ने चालकों से सड़क पर वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करने और अपनी सुरक्षा के लिए हेलमेट का नियमित इस्तेमाल करने को प्रेरित किया।
