विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

साहूवाला रेंज में हाथी के बच्चे की मौत, छाती पर लगा टस्कर का दांत... बच्चे को बचाने की हाथियों ने खूब की कोशिश

By Digital Desk Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Sun, 30 Aug 2026 12:39 PM (IST)

बिजनौर की साहूवाला रेंज में एक हाथी का बच्चा तालाब के पास कीचड़ में फंस गया, जिसे बचाने की कोशिश ...और पढ़ें

(प्रतीकात्मक फोटो)

(प्रतीकात्मक फोटो)

HighLights

  1. हाथी का बच्चा तालाब के पास कीचड़ में फंस गया।

  2. बचाने के प्रयास में टस्कर के दांत से चोट लगी।

  3. हाथियों के झुंड ने बच्चे की मौत पर मातम मनाया।

संवाद सूत्र, बढ़ापुर (बिजनौर)। साहूवाला रेंज में हाथी का एक बच्चा तालाब के पास कीचड़ में फंस गया। झुंड के ही बड़े हाथियों ने बच्चे को निकालने की खूब कोशिश की। इस दौरान छाती में टस्कर का दांत लगने से हाथी के बच्चे की मौत हो गई। बच्चे की मौत के काफी देर बाद तक हाथियों का झुंड शोर कर वहां मातम करता रहा और बाद में उसे वहीं छोड़कर चला गया। वन विभाग की टीम हाथी के बच्चे का पोस्टमार्टम करा रही है।

शनिवार देररात साहूवाला रेंज में एक तालाब के पास हाथियों की तेज चिंघाड़ने की आवाज आ रही थी। वन विभाग की टीम को लगा कि दो झुंड आपस में लड़ रहे होंगे। रविवार सुबह विभाग की टीम तालाब के पास गई तो वहां हाथी का एक बच्चा मरा पड़ा था। उसकी आयु लगभग एक वर्ष है। उसकी छाती पर चोट का गहरा निशान पाया गया।

विभागीय अधिकारियों का कहना है कि हाथी का झुंड तालाब की ओर पानी पीने गया होगा। इस दौरान हाथी का बच्चा कीचड़ में फंस गया होगा। झुंड के बड़े हाथियों ने उसे कीचड़ से निकालने की कोशिश की होगी। झुंड में टस्कर हाथी भी होंगे। इनके लंबे दांत होते हैं। कीचड़ से बाहर निकालने के दौरान टस्कर के दांत बच्चे की छाती पर बार-बार लगे होंगे।

साथ ही टस्कर के बार-बार बच्चे को सूंड में भरकर खींचने से भी वह बार-बार भींचा होगा। हाथियों में बच्चे को बाहर तो निकाल लिया, लेकिन वह बच नहीं पाया। हाथी देर रात उसके शव को वहीं छोड़कर चले गए। वनाधिकारी वानिकी क्षेत्र नजीबाबाद पृथ्वीराज ने बताया कि हाथी के बच्चे के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। उसके शव को वहीं पर दबाया जाएगा। उसकी छाती पर चोट का निशान हैं।