Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    डेढ़ किमी थी सीएचसी, सर्पदंश पीड़िता को 18 किमी झाड़फूंक के लिए ले गए स्वजन... महिला की हो गई मौत

    By Ajeet Chaudhary Edited By: Praveen Vashishtha
    Updated: Sun, 09 Aug 2026 06:23 PM (IST)

    बिजनौर के मंडावर में चारा डालते समय एक महिला को कोबरा ने डस लिया। परिजन उसे डेढ़ किमी दूर सीएचसी ले जाने के बजाय 18 किमी दूर झाड़फूंक के लिए ले गए, जि ...और पढ़ें

    सर्पदंश पीड़िता रेखा देवी। (फाइल फोटो)

    सर्पदंश पीड़िता रेखा देवी। (फाइल फोटो)

    HighLights

    1. मंडावर में कोबरा ने महिला को डसा, झाड़फूंक के लिए ले गए।

    2. डेढ़ किमी सीएचसी छोड़, 18 किमी दूर झाड़फूंक को प्राथमिकता।

    3. एंटी-वेनम के बावजूद महिला की मौत, परिजनों में मचा कोहराम।

    संवाद सूत्र, मंडावर (बिजनौर)। चारा भरते समय बोरी के नीचे बैठे कोबरा ने महिला को डस लिया। स्वजन महिला को केवल डेढ़ किलोमीटर दूर सीएचसी पर ले जाने के बजाए झाड़फूंक कराने 18 किलोमीटर दूर ले गए। रास्ते में मेडिकल कालेज अस्पताल भी था, लेकिन वहां भी वे न रुके। झाड़फूंक के बाद ब्लड प्रेशर की जांच कराने के लिए मेडिकल कालेज अस्पताल ले गए। जहां चिकित्सकों ने महिला को एंटी वेनम इंजेक्शन लगाए, लेकिन महिला ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है।

    गांव खैरपुर शहबाजपुर निवासी 60 वर्षीय रेखा देवी पत्नी सुरेश राजपूत रविवार सुबह लगभग छह बजे पशुओं को चारा डाल रही थी। मशीन के पास बोरी के नीचे छिपे कोबरा ने रेखा देवी के दाहिने हाथ की उंगली पर डस लिया। सांप के डसते ही महिला ने शोर मचा दिया। स्वजन व ग्रामीण एकत्र हो गए। ग्रामीणों ने सांप को लाठी से पीटकर मार दिया और खून का प्रवाह रोकने के लिए पीड़िता के हाथ में बंध लगा दिया।

    गांव से सीएचसी लगभग डेढ़ किलोमीटर ही है। वहां एंटी वेनम इंजेक्शन भी हैं। इसके बावजूद स्वजन सर्पदंश पीड़िता को सीएचसी न ले जाकर बिजनौर में घंटाघर पर लाए और वहां झाड़फूंक कराई। रास्ते में वे मेडिकल कालेज अस्पताल में भी नहीं रुके। झाड़फूंक करने वाले ने रेखा को कोई दवाई भी पिलाई। रेखा देवी तब तक बोल रहीं थीं। घर लौटते समय स्वजन पीड़िता का ब्लड प्रेशर दिखाने के लिए जिला मेडिकल अस्पताल ले गए। वहां रेखा देवी को कोबरा द्वारा डसे जाने की बात सुनकर स्टाफ ने उसे भर्ती कर लिया। इस बीच रेखा देवी की हालत ज्यादा खराब हो गई।

    स्टाफ ने रेखा देवी को पांच एंटी वेनम इंजेक्शन भी लगाए, लेकिन तबीयत में कोई सुधार नहीं हुआ और लगभग साढ़े आठ बजे उसकी मौत हो गई। रेखा देवी की मौत से स्वजन में कोहराम मच गया। वे शव को घर ले गए। वहां से पुलिस को सूचित किया और पोस्टमार्टम कराने के लिए पुलिस को फोन किया। हलका दारोगा मनोज कुमार ने बताया कि स्वजन ने महिला के शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए फोन किया था। पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है।

    खबरें और भी