बाइक के पहिये में फंसा महिला का दुपट्टा, गर्दन कट जाने से मौके पर ही मौत
बिजनौर में एक दुखद हादसे में बाइक के पहिये में दुपट्टा फंसने से एक महिला की गर्दन कट गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। ...और पढ़ें

(प्रतीकात्मक फोटो)
HighLights
महिला का दुपट्टा बाइक के पहिये में फंस गया।
गर्दन कटने से मौके पर ही हुई दर्दनाक मौत।
बीमार बेटे को दवा दिलाने जा रही थी महिला।
जागरण संवाददाता, बिजनौर : बाइक जुगाड़ पर बैठकर बेटे को दवाई दिलाने जा रही महिला का दुपट्टा पहिए में आ गया। इस दौरान महिला की गर्दन कट गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में जुगाड़ बाइक भी पलट गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। हल्दौर के मुहल्ला खेड़ा निवासी 55 वर्षीय सुमन का सबसे छोटा बेटा प्रशांत उर्फ नानू बीमार चल रहा है।
शनिवार दोपहर वह बेटे को दवाई दिलाने के लिए बिजनौर जा रही थी। वह परिवार के रोहित के साथ जुगाड़ बाइक से बिजनौर के लिए चली थी। नूरपुर रोड पर रूट कालेज के पास सुमन का दुपट्टा बाइक जुगाड़ के पहिए में फंस गया। रफ्तार तेज होने के चलते दुपट्टा से गर्दन बुरी तरह खिंच गई। महिला की गर्दन करीब 90 प्रतिशत कट गई। बाइक जुगाड़ भी पलट गई। रोहित मामूली रूप से घायल हो गया।
महिला की मौत की सूचना पर स्वजन मौके पर पहुंचे। सीओ सिटी अभय पांडे व शहर कोतवाल अवनीत मान दुर्घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की। स्वजन पोस्टमार्टम नहीं कराने पर अड़ गए थे। बाद में पुलिस ने उन्हें समझाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतका के तीन बेटे व एक बेटी हैं। पति बाबूराम ई-रिक्शा चलाते हैं। सीओ ने बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है।