विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हड़ताल के कारण बिजनौर में बंद रहेंगी 244 बैंक शाखाएं, इससे पहले ATM 'फुल' करने की तैयारी; रविवार को खुलेंगे बैंक

By Ajeet Chaudhary Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Thu, 24 Sep 2026 06:10 PM (IST)

Bank strike: राष्ट्रीयकृत और ग्रामीण बैंक तीन दिन की हड़ताल के कारण बंद रहेंगे। बिजनौर जिले में 244 शाखाओं पर ...और पढ़ें

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण

HighLights

  1. 28 से 30 सितंबर तक राष्ट्रीयकृत व ग्रामीण बैंक शाखाओं पर हड़ताल।

  2. बिजनौर में बैंकाें के एटीएम 25 सितंबर को फुल कराने का एलडीएम का दावा।

जागरण संवाददाता, बिजनौर। जिले में तीन दिन तक राष्ट्रीयकृत और ग्रामीण बैंकों की 244 से अधिक शाखाओं पर ताले लटके रहेंगे। उपभोक्ताओं से बैंक से जुड़े काम 25 सितंबर तक निपटाने को कहा गया है। हालांकि वित्त मंत्रालय के आदेश पर बैंककर्मी रविवार को बैंक खोलकर वित्तीय लेनदेन करने की बात कह रहे हैं। निजी बैंक और कोआपरेटिव बैंक व उनके एटीएम पर हड़ताल का कोई असर नहीं रहेगा।

सप्ताह में पांच दिन कार्य और वेतनमान (पीएलआइ) में भेदभाव के विरोध व अन्य मांगों को लेकर राष्ट्रीयकृत और ग्रामीण बैंकों की शाखाओं में 28 से 30 सितंबर सोमवार से बुधवार तक हड़ताल है। इन बैंक शाखाओं में पूर्ण तालाबंदी रहेगी। जिले में

एसबीआइ, पीएनबी, बैंक आफ बड़ौदा, केनरा बैंक, यूनियन बैंक आफ इंडिया, बैंक आफ इंडिया, इंडियन बैंक, सेंट्रल बैंक आफ इंडिया, इंडियन ओवरसीज बैंक, यूको बैंक, बैंक आफ महाराष्ट्र की 162 तथा ग्रामीण बैंक उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक कीं 82 शाखाएं हैं। 26 सितंबर को माह का चौथा शनिवार होने के कारण छुट्टी रहेगी। रविवार को वैसे ही बैंक बंद रहते हैं लेकिन इस बार रविवार को बैंक खुलेंगे। बैंकों में लेनदेन होगा। साथ ही शाम को सभी एटीएम में नगदी रखी जाएगी।

सोमवार से बुधवार 28 से 30 सितंबर तक राष्ट्रीयकृत व ग्रामीण बैंक शाखाओं पर हड़ताल के कारण ताले लटके रहेंगे। जिले में 215 एटीएम को नगदी से फुल करने को कहा गया है। निजी बैंक शाखाओं का हड़ताल से कोई मतलब नहीं है। ये हड़ताल के दौरान खुली रहेंगी और इनके एटीएम में नगदी भी लगातार रखी जाती रहेगी। बैंक हड़ताल का असर आज भी आम उपभोक्ताओं पर पड़ता है। हालांकि अब उपभोक्ता डिजिटल लेनदेन करते हैं लेकिन अधिकांश जनता अब भी नगदी से लेनदेन में विश्वास करती है।

इन्होंने कहा...

सप्ताह में पांच दिन कार्य की मांग सहित वेतनमान विसंगति को दूर कराने के लिए हड़ताल की जा रही है। हड़ताल के अलावा अपनी मांगों से अवगत कराने का और कोई माध्यम नहीं बचा है। रविवार को बैंक शाखा खोलकर काम किया जाएगा।
प्रदीप कुमार, जिला सचिव- एआइआरआरबीईए
बैंकों के एटीएम हड़ताल से पहले फुल करा दिए जाएंगे। मोबाइल बैंकिंग, एटीएम, इंटरनेट बैंकिंग हड़ताल के दौरान भी चलती रहेंगी। उपभोक्ता अपने बैंक से जुड़े काम हड़ताल से पहले पूरे करा लें।
-अखिलेश सिंह, अग्रणी जिला प्रबंधक