बीड़ी जलाई ले से लेकर देसी गर्ल तक: सुनिधि चौहान ने 'इन्वर्शिया' में मचाया गदर, सेल्फी के लिए मची होड़
इन्वर्टिस विश्वविद्यालय के वार्षिक उत्सव 'इन्वर्शिया (स्वरंग)' की स्टार नाइट में गायिका सुनिधि चौहान ने अपनी दमदार आवाज से समां बांध दिया। उन्होंने 'क ...और पढ़ें

परफार्मेंस देतीं सुनिधि चौहान
HighLights
ऊर्जावान प्रस्तुति ने दर्शकों को थिरकने पर किया मजबूर, एक झलक पाने को उमड़े प्रशंसक
जागरण संवाददाता, बरेली। मंगलवार की शाम इन्वर्टिस विश्वविद्यालय का परिसर सुरों और सितारों की चमक से सराबोर रहा। विश्वविद्यालय के वार्षिक उत्सव 'इन्वर्शिया (स्वरंग)' के तहत आयोजित 'स्टार नाइट' में बालीवुड की दिग्गज गायिका सुनिधि चौहान ने अपनी दमदार आवाज से समां बांध दिया। जैसे ही सुनिधि ने मंच संभाला, पूरा परिसर 'क्रेजी किया रे', 'कमली', 'धूम मचाले', 'देसी गर्ल' और 'बीड़ी जलाई ले जिगर से पिया' जैसे सुपरहिट गानों से गूंज उठा। उनकी ऊर्जावान प्रस्तुति ने दर्शकों को थिरकने पर मजबूर कर दिया।

मंच के इर्द-गिर्द गायिका की एक झलक पाने के लिए प्रशंसकों का भारी हुजूम उमड़ा रहा। युवाओं का उत्साह चरम पर था। वे न केवल गानों की पंक्तियां दोहरा रहे थे, बल्कि मंच के पास से सेल्फी लेने और इस यादगार पल को अपने कैमरों में कैद करने की होड़ में लगे दिखे। सुनिधि के गानों ने कार्यक्रम को बेहद रोमांचक और यादगार बना दिया, जिससे 'स्वरंग' की यह शाम इन्वर्टिस के इतिहास में दर्ज हो गई।

अंजली और मानसी बनीं 'परफार्मर आफ द डे'

कार्यक्रम कुलाधिपति डा. उमेश गौतम और प्रति कुलाधिपति पार्थ गौतम के मार्गदर्शन में आयोजित किया जा रहा है। समारोह में विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। धार्मिक गीतों संग कुछ पंजाबी गीतों पर भी शानदार नृत्य प्रस्तुत किए गए। निर्णायक मंडल की सदस्य लिपि नोगाई व मंजू बजाज ने परिणाम घोषित किए। समूह नृत्य में द रूल ब्रेकर्स ने फ्यूजन नृत्य के लिए प्रथम पुरस्कार प्राप्त किया।

वहीं एकल प्रस्तुति में शौर्य, युगल गायन में कशिश व प्रियांश, एकल गायन में मौसम को विजेता घोषित किया गया। अंजली व मानसी को परफार्मर आफ द डे चुना गया। आयोजन राक आन क्लब ने किया। इस दौरान कुलपति प्रो. वाईडीएस आर्या, संयोजक दिव्यांश शाक्य, सह-संयोजक आशिमा कोहली व अन्य शिक्षक मौजूद रहे।