मुर्दों के नाम पर भी उठा ली सब्सिडी! PM Surya Ghar Yojana में बड़ा खेल, बरेली में वेंडर पर FIR
प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना में बरेली में एक बड़ा घोटाला सामने आया है, जहाँ एक वेंडर पर फर्जी लाभार्थी दिखाकर सरकारी सब्सिडी हड़पने का आरोप है। यूपीने ...और पढ़ें

पीएम सूर्य घर योजना
जागरण संवाददाता, बरेली। प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना में फर्जीवाड़े का बड़ा मामला सामने आया है। यूपीनेडा विभाग के वरिष्ठ लिपिक ने कैंट थाने में एक वेंडर पर कूटरचना कर सरकारी सब्सिडी हड़पने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी लिखाई है।
यूपी नेडा के वरिष्ठ लिपिक रघुवर दयाल ने पुलिस को बताया कि, यूपीनेडा के सचिव एवं मुख्य परियोजना अधिकारी के निर्देश पर सनराइज एंटरप्राइजेज की जांच की गई।
जांच में फार्म के प्रोपराइटर सीबीगंज निवासी आशु गुप्ता की भूमिका संदिग्ध पाई गई। आरोप है कि फर्म ने कूटरचित दस्तावेजों के जरिए मृत और जीवित व्यक्तियों को योजना का लाभार्थी दिखाकर केंद्रांश की धनराशि का दुरुपयोग किया।
फर्म द्वारा बनाए गए 29 रूफटाप सोलर आवेदनों में से नौ लाभार्थियों की जांच की गई, जिनमें आठ मामले फर्जी पाए गए, जबकि एक स्थान पर ही सोलर सिस्टम लगा मिला।
कई ऐसे लोगों के नाम भी सामने आए हैं जिन्होंने कभी आवेदन नहीं किया और न ही उनके घर पर सोलर पैनल लगा है, फिर भी उनके नाम पर सब्सिडी निकाल ली गई।
आरोप है कि वेंडर ने फर्जी मोबाइल नंबर, कूट रचित प्रपत्र और चेक में हेरफेर कर धनराशि को विभिन्न खातों में ट्रांसफर कराया। मामले में बैंक कर्मियों की संलिप्तता की भी आशंका जताई गई है। मामले में पुलिस ने आशु गुप्ता के विरुद्ध प्राथमिकी पंजीकृत कर ली है।