मुंबई में टाइगर श्रॉफ पर हमले के बाद एक्शन में पुलिस, दिशा पाटनी के बरेली वाले घर की बढ़ाई गई सुरक्षा
मुंबई में टाइगर श्रॉफ पर हमले के बाद बरेली में अभिनेत्री दिशा पाटनी के घर की सुरक्षा बढ़ा दी गई ...और पढ़ें

दिशा पाटनी के घर सुरक्षा का जायजा लेने पहुंचे सीओ प्रथम आशुतोष शिवम और कोतवाली इंस्पेक्टर राजीव कुमार
HighLights
सीओ ने घर पर जाकर सुरक्षा व्यवस्था परखी, दिशा के पिता से भी की बात
जागरण संवाददाता, बरेली। मुंबई में टाइगर श्राफ पर हमले के बाद बरेली में फिल्म अभिनेत्री दिशा पाटनी के चौपुला स्थित घर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। सीओ प्रथम आशुतोष शिवम ने सोमवार दोपहर दिशा पाटनी के घर जाकर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की और उनके पिता सेवानिवृत्त सीओ जगदीश पाटनी से भी वार्ता कर स्थिति जानी।
उन्होंने घर में 24 घंटे तैनात रहने वाले पुलिसकर्मियों को भी सुरक्षा के दृष्टिगत दिशा-निर्देश दिए। दिशा पाटनी के घर पर 11 और 12 सितंबर 2025 को फायरिंग हुई थी।
फायरिंग की घटना में पहले लारेंस विश्नोई गैंग का नाम सामने आ रहा था, लेकिन बाद में रोहित गोदारा और गोल्डी बराड़ गैंग ने फायरिंग की जिम्मेदारी ली थी।
इस मामले में यूपी एसटीएफ, हरियाणा एसटीएफ और दिल्ली स्पेशल सेल ने मिलकर 17 सितंबर को गाजियाबाद के ट्रानिका सिटी में रोहतक के रविंद्र और सोनीपत के अरुण को मुठभेड़ में ढेर किया था।
-1792415225467.webp)
इसके अलावा 19 सितंबर को दिल्ली पुलिस ने दिशा के घर पहले दिन गोली चलाने वाले राजस्थान के रामनिवास उर्फ दीपक उर्फ दीपू और सोनीपत के अनिल को गिरफ्तार किया था।
इस घटना के बाद ही दिशा पाटनी के चौपुला स्थित घर की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई थी। उनके घर में 24 घंटे एक मुख्य आरक्षी के नेतृत्व में पांच पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगी रहती है।
इसके अलावा दो गनर बरेली पुलिस लाइन और एक गनर मुरादाबाद से भी ड्यूटी में तैनात रहता है। उनके घर के अंदर और बाहर भी सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं। रात में कालोनी का भी गेट पुलिस की निगरानी में बंद कर दिया जाता है।
वहीं रविवार को मुंबई में टाइगर श्राफ पर हमले के बाद बरेली पुलिस सतर्क हो गई, क्योंकि दिशा पाटनी की टाइगर श्राफ से दोस्ती भी रही है। सीओ प्रथम आशुतोष शिवम और कोतवाली इंस्पेक्टर राजीव कुमार ने सोमवार दोपहर दिशा के घर की सुरक्षा व्यवस्था परखी।
सीओ ने घर और बाहर लगे सभी सीसीटीवी कैमरों को चेक किया। इसके अलावा ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्कता बरतने के निर्देश दिए और दिशा के पिता से भी वार्ता की।
सीओ प्रथम आशुतोष शिवम ने बताया कि दिशा पाटनी के घर पिछले वर्ष फायरिंग के बाद से ही 24 घंटे पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगी रहती है। टाइगर श्राफ पर हमले की घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई। उनके पिता से भी वार्ता की गई।
वहीं जगदीश पाटनी ने फोन पर संपर्क करने पर बताया कि वह पुलिस महकमे से जुड़े रहे हैं। पूर्व में फायरिंग की घटना के बाद से पुलिस लगातार सुरक्षा में तैनात रहती है। पुलिस अधिकारी सप्ताह में समीक्षा भी करने आते हैं। सोमवार को भी पुलिसकर्मी पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था परखी।
