बरेली में बारिश का कहर: पटरियों पर भरा पानी और गिरा पेड़, 3 ट्रेनें डायवर्ट तो शहीद एक्सप्रेस का इंजन हुआ ठप
लगातार बारिश के कारण बरेली सिटी-बरेली जंक्शन के बीच जलभराव और सीबीगंज के पास ट्रैक पर पेड़ गिरने से रेल ...और पढ़ें

रेलवे ट्रैक पर भरे पानी को मोटर से निकालते कर्मचारी
जागरण संवाददाता, बरेली। लगातार बारिश की वजह से बरेली सिटी-बरेली जंक्शन रेलखंड के बीच जलभराव होने से रेल यातायात प्रभावित हो गया है। इज्जतनगर मंडल रेलवे ने यात्रियों की सुरक्षा और रेल परिचालन को देखते हुए तीन सवारी ट्रेनों के संचालन में अस्थायी बदलाव किया है।
रेलवे के अनुसार 55315 बरेली सिटी-पीलीभीत सवारी गाड़ी का संचालन बरेली सिटी के बजाय इज्जतनगर स्टेशन से किया जाएगा। वहीं 55328 बरेली सिटी-कासगंज सवारी गाड़ी को बरेली से न्यूनतम 60 मिनट पुनर्निर्धारित किया गया है।

यह ट्रेन बरेली सिटी-बरेली जंक्शन (उत्तर रेलवे)-रामगंगा-बमियाना मार्ग से डायवर्ट होकर चलाई जाएगी। इसके अलावा 55311 कासगंज-लालकुआं सवारी गाड़ी को कासगंज-बरेली सिटी के बीच मार्ग में नियंत्रित किया जाएगा।

आवश्यकता पड़ने पर इस ट्रेन को बमियाना-रामगंगा-बरेली जंक्शन (उत्तर रेलवे)-बरेली सिटी मार्ग से डायवर्ट किया जा सकता है। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले ट्रेन के संचालन की स्थिति की जानकारी प्राप्त कर लें।
ट्रैक पर पेड़ की टहनी गिरने से ट्रेनों का संचालन प्रभावित
सीबीगंज के पास ट्रैक पर पेड़ की टहनी गिरने से ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ। आरपीएफ ने रेल कर्मियों की मदद से टहनी हटाकर ट्रेनों का संचालन शुरू कराया।
-1788779581462.webp)
आरपीएफ को सोमवार सुबह 05:20 बजे 14674 शहीद एक्सप्रेस के लोको पायलट ने सूचना दी कि सीबीगंज के पास ट्रैक पर पेड़ की टहनी गिर गई है। इस पर आरपीएफ और रेलवे की टीमें मौके पर पहुंची।
लोको पायलट परवेज आलम ने टीम को बताया कि वर्षा के कारण पेड़ झुक गया जिससे पेड़ की शाखाएं चलती हुए ट्रेन के इंजन से टकराने के कारण गाड़ी को रोकना पड़ा।
इसके बाद पेड़ की शाखाओं को आरी से काटकर ट्रैक क्लियर किया गया लेकिन इंजन में प्रेशर नहीं आने से ट्रेन नहीं चल सकी, बाद में ट्रेन का संचालन हो सका। इस दौरान पीछे से आ रहीं अन्य ट्रेनों का संचालन भी प्रभावित हुआ।
