बरेली में बिजली कटौती से हाहाकार: लोगों ने रिश्तेदारों के घर बनाया ठिकाना, मौसम बदलने पर और बढ़ेगा संकट
बरेली में बिजली कटौती से लोग परेशान हैं, कई परिवारों ने रिश्तेदारों के घर शरण ली है और किला उपकेंद्र पर हंगामा भी हुआ। मुहर्रम के बाद से बिगड़ी व्यवस् ...और पढ़ें

बरेली में पोल पर फाल्ट सही करता लाइनमैन और खड़े उपभोक्ता
HighLights
मुख्यमंत्री के दौरे से पहले शहर में ध्वस्त हुई बिजली व्यवस्था
जागरण संवाददाता, बरेली। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर अधिकारी जहां व्यवस्थाएं चुस्त-दुरूस्त दिखाने की कोशिश में जुटे हैं, वहीं शहर की बिजली व्यवस्था ध्वस्त हो गई है। मुहर्रम के जुलूस के बाद किला उपकेंद्र की स्थिति बहुत खराब है। तब उपभोक्ताओं ने बिजलीघर पहुंचकर हंगामा किया। तीन दिन से बिजली संकट से जूझ रहे कई लोगों ने रिश्तेदारों के घर शरण ली है। मुहर्रम की रात से शुरू हुई बिजली की समस्या अब तक सामान्य नहीं हो सकी है। सुभाषनगर क्षेत्र में भी शनिवार को रातभर बिजली गुल रही।
दो दिन पहले मुहर्रम के जुलूस को देखते हुए किला समेत कई उपकेंद्रों की आपूर्ति बंद कराई गई थी। 12 घंटे बिजली ठप रहने के बाद आपूर्ति सुचारु कराई गई तो अचानक लोड बढ़ा और जगह-जगह केबल में फाल्ट हो गए, ट्रांसफार्मरों के फ्यूज उड़ गए। सबसे ज्यादा दिक्कतें किला क्षेत्र में आईं। यहां भीषण गर्मी के बीच बिजली व्यवस्था चरमराई हुई है।
किला उपकेंद्र के मलूकपुर में चार दिन से बिजली संकट बना हुआ है। लगातार बिजली न मिलने से लोगों का जनजीवन प्रभावित है। बच्चों और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ रही है। कई लोगों ने रिश्तेदारों के घर अपना ठिकाना बना लिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि शिकायतों के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा।
इससे नाराज आक्रोशित उपभोक्ताओं ने उपकेंद्र पर पहुंचकर हंगामा किया था। शास्त्रीनगर स्थित अनिल किराना स्टोर के पास ट्रांसफार्मर का फ्यूज खराब हो गया था। शिकायत के बावजूद पूरे दिन कोई कर्मचारी नहीं पहुंचा, जिससे करीब 300 घरों की बिजली आपूर्ति ठप रही। बिजली न होने से लोगों को पेयजल संकट का भी सामना करना पड़ा। रविवार सुबह फेज की खराबी दूर होने के बाद आपूर्ति बहाल हो सकी।
खबरें और भी
पवन विहार के कृष्णानगर फेज-2 में शनिवार रात केबल जलने से पूरी रात करीब 200 घरों की बिजली गुल रही। शास्त्रीनगर में तीसरे दिन रविवार सुबह बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी। सीबीगंज, सुभाषनगर, सिटी स्टेशन और दुर्गानगर क्षेत्र में भी पूरी रात ट्रिपिंग और लो वोल्टेज से लोग परेशान रहे। बिजली कटौती से नाराज उपभोक्ताओं ने किला उपकेंद्र पर प्रदर्शन कर निगम के खिलाफ नारेबाजी की।
दुर्गानगर उपकेंद्र की सैनिक कालोनी में भी केबल जलने से बिजली आपूर्ति ठप हो गई थी। देर रात आपूर्ति बहाल होने के बाद भी लो वोल्टेज की समस्या बनी रही। वहीं सीबीगंज क्षेत्र में ट्रिपिंग और लो वोल्टेज के कारण करीब 10 हजार घर प्रभावित रहे। केबल बंच में आग लगने की घटना भी सामने आई, जिसे ठीक कर दिया गया, लेकिन ट्रिपिंग की समस्या खत्म नहीं हो सकी।
अधिशासी अभियंता ओपी गुप्ता ने बताया कि शहर में जहां-जहां बिजली आपूर्ति प्रभावित है, वहां प्राथमिकता के आधार पर फाल्ट ठीक कराए जा रहे हैं। कृष्णानगर फेज-2 में केबल बदली गई है, जबकि शास्त्रीनगर में एसडीओ टीम के साथ मरम्मत कराकर आपूर्ति सुचारु करा रहे हैं।
आज से मौसम बदलने के आसार और बढ़ेगा बिजली संकट
15 दिन पहले आई आंधी से बिगड़ी बिजली व्यवस्था अभी तक पटरी पर नहीं आ सकी है। लोकल फाल्ट से बिजली ठप हो रही है। इससे उपभोक्ताओं में आक्रोश बढ़ रहा है, बिजलीघरों पर हंगामा के अलावा सड़क पर जाम लगाए जा रहे हैं।
सोमवार से मौसम का मिजाज बदलने के आसार बन रहे हैं। आंधी-वर्षा का दौर शुरू होगा तो फिर बिजली संकट बढ़ सकता है। वजह, झुके बिजली के पोल, तारों पर लटकती पेड़ों की डालियां आंधी आने पर बिजली की समस्या बढ़ा सकती है।