बरेली के सबसे बड़े ब्लैक स्पॉट पर बनकर तैयार हुआ 6-लेन फ्लाईओवर, भारी वाहनों की आवाजाही शुरू; जानें कब होगा उद्घाटन
बरेली के नवदिया झादा में सिक्स लेन फ्लाईओवर का ट्रायल पूरा हो गया है और अब भारी वाहनों की आवाजाही शुरू हो चुकी है। जिले के सबसे बड़े ब्लैक स्पॉट पर बन ...और पढ़ें

नवदिया झादा में सिक्सलेन फ्लाईओवर से निकलते बस और ट्रक। जागरण
जागरण संवाददाता, बरेली। नवदिया झादा में सिक्स लेन फ्लाईओवर का ट्रायल पूर्ण हो गया है। एनएचएआई मुरादाबाद के अधिकारियों ने ट्रायल में मिली छिटपुट कमियों को दूर करा लिया है। ट्रायल के बाद फ्लाईओवर से भारी वाहनों का आवागमन चल रहा है। दोनों साइड में सर्विस रोड का निर्माण कराया जा रहा है। इसी महीने फ्लाईओवर का उद्घाटन कराने की तैयारी की जा रही है।
जिले के सबसे बड़ा ब्लैक स्पाट बन चुका नवदिया झादा चौराहा पर फ्लाईओवर निर्माण की मंजूरी जनवरी 2025 में ही मिल गई थी। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआइ) मुरादाबाद ने ठेका मेसर्स विशेष इंफ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड को ठेका देकर मार्च 2025 में निर्माण कार्य आरंभ कराया था।
जनवरी 2026 तक परियोजना पूर्ण कराने का लक्ष्य रखा गया था, लेकिन पिछली साल बरसात अधिक हो जाने के कारण अपेक्षित समय में कार्य पूर्ण नहीं हो सका था। इसके बाद कोलतार संकट से कार्य प्रभावित हुआ था।
महीनेभर बजरी बिछाकर काेलतार का इंतजार किया जा रहा था, बाद में आपूर्ति मिल जाने के बाद सड़क डाली गई। फ्लाईओवर और सर्विस रोड तैयार होने के बाद ट्रायल के तौर पर भारी वाहनों का आवागमन शुरू करा दिया गया है।
एनएचएआइ के अधिकारियों का दावा है कि ट्रायल पूर्ण हो गया है। कार, बस और ट्रक ऊपर से निकल रहे हैं। बरेली-बीसलपुर रोड पर अंडरपास का निर्माण भी करा लिया गया है, जिन्हें वाहनों के लिए खोल दिया है। अब दोनों तरफ सर्विस रोड का निर्माण कराया जा रहा है।
खबरें और भी
बीसलपुर साइड का काम भी पूरा हो चुका है, बरेली साइड में काम अभी चल रहा है। एनएचएआइ, मुरादाबाद के परियोजना निदेशक अरविंद कुमार का कहना है कि इसी महीने फ्लाईओवर का उद्घाटन कराकर चालू कराने की तैयारी की जा रही है।