बरेली: दिनदहाड़े फौजी की पत्नी की हत्या, हाथ में छाता और चेहरे पर अंगोछा... CCTV में कैद हुआ मंजर!
बरेली के सुभाष नगर में एक फौजी की पत्नी गीता यादव की गला दबाकर हत्या कर दी गई। सीसीटीवी फुटेज में छाता लगाए एक संदिग्ध व्यक्ति घर में घुसते और करीब एक ...और पढ़ें

महिला की मौत के बाद गुमसुम स्वजन और इनसेट में मृतक महिला गीता यादव का फाइल फोटो
HighLights
दोपहर 11:20 के आस-पास छाता लगाए एक व्यक्ति घर में घुसा, सीसीटीवी में कैद
स्कूल गए थे तीनों बच्चे, गले पर दबाने का है हल्का निशान, जांच में जुटी पुलिस
जागरण संवाददाता, बरेली। सुभाष नगर में बीडीए कालोनी के पास स्थित वैष्णो धाम कालोनी में महिला की गला दबाकर हत्या कर दी गई। उनका शव घर में जमीन पर पड़ा मिला। जब महिला का भतीजा घर आया तो वह उन्हें अस्पताल लेकर दौड़ा, लेकिन डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने घटनास्थल के आस-पास के सीसीटीवी चेक किए तो देखा कि घटना से पहले एक व्यक्ति छाता लगाए हुए घर में घुसते दिखाई दे रहा है
वहीं करीब एक घंटे बाद घर से निकलता दिख रहा है। स्वजन ने उसे पहचान भी लिया है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या है, लेकिन पूरी स्थिति पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी। वैष्णो धाम कालोनी निवासी गीता यादव के पति भारत सिंह यादव फौज में तैनात हैं।
वर्तमान में उनकी पोस्टिंग पंजाब के फिरोजपुर में है। गीता के साथ उनके दो बेटे 14 वर्षीय दृश्य और 12 वर्षीय हर्ष के अलावा उनके भतीजे सचिन का छह साल का बेटा यशवर्धन रहता है। मंगलवार को तीनों बच्चे स्कूल गए थे। सुबह करीब 11:16 बजे गीता ने अपनी भतीजी शीतल को फोन किया था कि कुछ काम है इसलिए कुछ देर में घर पर आ जाए।
कुछ देर बाद जब शीतल बुआ के घर पहुंची तो दरवाजा अंदर से बंद था। अंदर से उसे लाक किया गया था काफी आवाज देने के बाद भी दरवाजा नहीं खुला अंदर से कूलर चलने की आवाज आ रही थी। इस पर शीतल को लगा कि हो सकता है बुआ सो गई हों। इसी बीच यशवर्धन के स्कूल से फोन आ गया तो शीतल उसे लेने चली गईं।
खबरें और भी
दोपहर करीब एक बजे जब स्कूल से लौटकर आईं तो दरवाजे का लाक तो खुला था, लेकिन अंदर से दरवाजे की सरिया नीचे से लगी हुई थी। परिस्थिति संदिग्ध महसूस होने पर शीतल ने अपने भाई सचिन को फोन किया। सचिन ने दरवाजा नीचे से खोला तो अंदर गीता जमीन पर पड़ीं थी।
तत्काल उन्हें उठाकर दया अस्पताल ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तो महिला के गले पर दबाने का हल्का निशान मिला, घर में चूड़ियां भी टूटी पड़ी थीं।
इससे आशंका है कि मरने से पहले गीता और हत्यारे के बीच काफी हाथापाई भी हुई थी, जिससे उनकी चूड़ियां टूट गईं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की असली वजह सामने आएगी।
11:20 के आस-पास घर में घुसता दिखाई दिया एक युवक
पुलिस ने जब गीता के घर के पास लगे सीसीटीवी कैमरे चेक किए तो उसमें 11:20 बजे के आस-पास एक व्यक्ति घर में घुसता हुआ दिखाई दे रहा है। उसने पूरे मुंह को सफेद रंग का अंगोछे से ढका हुआ है, चेहरा छिपाने के लिए काले रंग का छाता को भी लगाया है।
उसने आने के बाद पहले दरवाजे की घंटी बजाई और जब दरवाजा खुला तो वह अंदर चला गया। सीसीटीवी फुटेज में वह जिस तरह से घर के अंदर जाते दिखाई दे रहा है इससे यह प्रतीत होता है कि महिला उसे पहले से जानती थी। क्योंकि घर में घुसने के दौरान कोई विरोध नहीं हुआ था।
करीब एक घंटे बाद 12:30 के आस-पास वही व्यक्ति घर से निकलता हुआ दिखाई दे रहा है। उसने आते समय बैग आगे टांगा है जाते समय बैग पीछे टांगा है। इसी बीच जब शीतल घर पहुंची थी तो दरवाजा अंदर से बंद लाक था।
प्रथम दृष्टया हत्या प्रतीत होती है, मृतक महिला के भतीजे के आने से पहले एक संदिग्ध व्यक्ति छाता लगाकर घर में घुसा था और एक घंटे बाद निकला। महिला के गले पर हल्का निशान भी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
- सतीश कुमार नैन, इंस्पेक्टर सुभाष नगर
यह भी पढ़ें- बरेली में घर बनाना हुआ सस्ता! ₹26,500 वाला प्लॉट अब ₹24,000 में, 3 महीने में शुरू होगी नीलामी