Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    X-Ray टेबल पर लेटे थे बुजुर्ग, अचानक सीने पर आ गिरी भारी मशीन; विधायक के अस्पताल में मरीज की मौत पर हंगामा

    Updated: Tue, 11 Aug 2026 10:52 PM (IST)

    नवाबगंज के आर्य हॉस्पिटल में एक्स-रे के दौरान 75 वर्षीय मरीज मिश्रीलाल पर मशीन गिरने से उनकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने हंगामा किया, पुलिस और फ ...और पढ़ें

    टेबल पर पड़ी मशीन और इनसेट में मृतक मिश्रीलाल का फाइल फोटो।

    टेबल पर पड़ी मशीन और इनसेट में मृतक मिश्रीलाल का फाइल फोटो।

    संवाद सहयोगी, नवाबगंज (बरेली)। विधायक डॉ. एमपी आर्य के पीलीभीत हाईवे स्थित आर्य हॉस्पिटल एंड ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स में मंगलवार दोपहर एक्सरे करने के दौरान एक मरीज के ऊपर एक्सरे मशीन गिर गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई।

    गुस्साए परिजनों ने अस्पताल में खूब हंगामा काटा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें समझाकर शांत कराया। वहीं मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने भी जांच कर साक्ष्य जुटाए। मरीज की मौत के बाद उसके परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।

    नवाबगंज थाना क्षेत्र के शाहपुर जी सुखराय गांव निवासी मिश्रीलाल उर्फ लाला प्रसादीलाल 75 वर्ष गांव में अपने तालाब में मछली पालन कर परिवार का पालन-पोषण करते थे। शुक्रवार को पेट में दर्द की शिकायत होने पर उनका बेटा शेर सिंह उन्हें उपचार के लिए पीलीभीत हाईवे स्थित आर्य हॉस्पिटल लेकर पहुंचा था।

    परिजनों के मुताबिक, अस्पताल में चिकित्सकों ने उन्हें आईसीयू में भर्ती कर लिया था। भर्ती होने के बाद भी मिश्रीलाल पेट में दर्द की शिकायत कर रहे थे। जिसपर डाक्टरों ने उनकी जांचे करने को कहा था। मंगलवार दोपहर अस्पताल का स्टाफ उन्हें एक्सरे कराने के लिए अस्पताल परिसर में स्थित एक्सरे कक्ष में लेकर गया।

    खबरें और भी

    परिजनों का आरोप है कि एक्सरे टेबिल पर लिटाकर जांच शुरू किए जाने के दौरान एक्सरे मशीन ट्यूब हेड मिश्रीलाल के सीने पर गिर गया। जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद वहां अफरा तफरी मच गयी। एक्सरे कक्ष में मौजूद स्टाफ और अन्य कर्मचारी मौके से भाग खड़े हुए।

    जिससे गुस्सायी मृतक की बेटी पूनम, लीलावती व मीना के साथ अन्य परिजनों ने खूब हंगामा काटा। घटना की सूचना मिलते ही सीओ नीलेश मिश्र और कोतवाल अरुण कुमार श्रीवास्तव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को समझाकर शांत कराया।

    घटना की सूचना पर फोरेंसिक टीम भी अस्पताल पहुंची और एक्सरे कक्ष का निरीक्षण कर मौके से साक्ष्य जुटाए। मिश्रीलाल की मौत की खबर मिलने पर उनकी पत्नी कलावती, बेटे नेमचंद, शेर सिंह और रंजीत सिंह समेत अन्य परिजन भी अस्पताल पहुंच गए।

    वहीं हादसे की खबर मिलते ही क्षेत्र के भाजपा नेता वहां पहुंच गए। देर शाम तक भाजपा नेता मृतक के परिजनों को समझा बुझाकर समझौता कराने का प्रयास कर रहे थे। सीओ नीलेश मिश्र ने बताया कि मृतक के परिजनों ने कोई तहरीर नहीं दी है। उन्होंने शव का पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया है। वह उपचार के दौरान मृत्यु होने की बात कह रहे हैं।

    यह भी पढ़ें- खुशखबरी: बरेली में जल्द थमने वाला है बंदरों का उत्पात! 12 हजार बंदरों को पकड़ने की तैयारी पूरी