विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

शराब के नशे में नदी में नहाने की सनक: परिजनों ने रोका, फिर भी पेड़ से कूद गया युवक; 90 मीटर तैरकर हुआ लापता

Published: Sat, 12 Sep 2026 05:49 PM (IST)Updated: Sat, 12 Sep 2026 07:57 PM (IST)

किला छावनी में 27 वर्षीय राहुल राठौर ने नशे की हालत में नदी में छलांग लगा दी, जिसके बाद से ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, बरेली। शराब के नशे में एक युवक को नदी में नहाने की सनक चढ़ी। वह किला नदी जाने लगा, लेकिन स्वजन ने उसे डांटकर रोक दिया। कुछ देर बाद वह चुपचाप घर से निकला और नदी के पास एक पेड़ पर चढ़कर ऊपर से छलांग लगा दी। करीब 90 मीटर तक लोगों ने उसे तैरते हुए देखा, इसके बाद युवक लापता हो गया।

पुलिस ने उसकी तलाश में गोताखोरों को लगाया मगर शाम सात बजे तक उसका कुछ भी पता नहीं चला। अब रविवार सुबह उसकी तलाश की जाएगी।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, किला छावनी निवासी 27 वर्षीय राहुल राठौर सिटी स्थित मोमबत्ती फैक्ट्री में काम करते हैं। तीन भाइयों में राहुल सबसे बड़े हैं। उनके पिता महेंद्र राठौर किला फाटक के पास मिठाई की दुकान संचालित करते हैं।

पुलिस और लोगों के मुताबिक, राहुल ने शनिवार सुबह से ही शराब पीना शुरू कर दिया था। नशा अधिक होने के बाद राहुल के दिमाग में नहाने की धुन सवार हो गई। वह अपने परिवार के लोगों से भी किला नदी में नहाने की जिद करने लगा।

लोगों ने मना किया मगर वह फिर भी नहीं माना और नदी में छलांग लगा दी। मुहल्ले के लोगों ने देखा तो चीखना शुरू किया। लोगों ने बचाने का प्रयास किया मगर राहुल गहरे पानी की ओर बढ़ गया। करीब 90 मीटर तक तैरने के बाद राहुल अचानक से पानी में लापता हो गया।

लोगों ने पुलिस को सूचना दी पुलिस ने गोताखोरों को नदी में उतारा मगर उनकी चार-पांच घंटे की मेहनत के बाद भी राहुल का पता नहीं चला। अंधेरा होने की वजह से टीमें भी वापस लौट गई। रविवार सुबह फिर से राहुल की तलाश की जाएगी।

राहुल को तैरना आता था, एक बार ले गए घर

मुहल्ले के लोगों ने बताया कि राहुल को तैरना आता है। चूंकि शराब का नशा अधिक होने की वजह से उसके हाथ पांव सही से काम नहीं कर रहे थे इसलिए वह ज्यादा दूर तक नहीं तैर सका। राहुल के परिवार के विशाल का कहना हैं कि दोपहर में जब राहुल नहाने आया तो उसे एक बार खींचकर जबरन घर ले गए मगर उसके दिमाग में नहाने की ऐसी सनक चढ़ी थी कि वह दोबारा आ गया।

 

युवक की तलाश की जा रही है गोताखोरों को भी लगाया गया मगर तीन-चार घंटे की तलाश के बाद भी कुछ पता नहीं चला है। रविवार सुबह फिर से तलाश की जाएगी।

- अचल कुमार, थाना प्रभारी किला।

यह भी पढ़ें- जागरण की 38वीं उड़ान, बरेली शहर की नई पहचान