बरेली में जन्माष्टमी शोभायात्रा की ट्राली में दौड़ा करंट, हादसे में दो बच्चों की मौत
बरेली में जन्माष्टमी शोभायात्रा के दौरान एक ट्रैक्टर-ट्रॉली में हाईटेंशन लाइन का करंट दौड़ गया। इस हादसे में ट्रैक्टर चालक ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर।
HighLights
जन्माष्टमी शोभायात्रा की ट्रॉली में दौड़ा करंट।
ट्रैक्टर चालक और 10 वर्षीय बालक की मौत।
झूलती हाईटेंशन लाइन बनी हादसे का कारण।
जागरण संवाददाता, बरेली। गांव में झूलती हाईटेंशन लाइन का करंट शनिवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी शोभायात्रा की ट्रैक्टर-ट्रॉली में दौड़ गया। इसमें ट्रैक्टर चालक व 10 वर्षीय बालक की मौत हो गई, जबकि साउंड सिस्टम संचालक झुलस गया। ट्रॉली पर बैठे अन्य श्रद्धालुओं ने कूदकर जान बचाई। ग्रामीणों का आरोप है कि शोभायात्रा की जानकारी के बावजूद बिजली विभाग की टीम ने हाईटेंशन लाइन को ऊंचाई पर नहीं कसा।
पूर्व में कई बार शिकायत के बावजूद समस्या समाधान नहीं हुआ। सराय गांव में शनिवार रात आठ बजे जन्माष्टमी शोभायात्रा निकाली जा रही थी। उसमें कई ट्रैक्टर-ट्रालियों पर झांकियां भी सजाई गई थीं। ग्रामीणों के अनुसार, झांकी वाली एक ट्रैक्टर-ट्रॉली पर साउंड सिस्टम पर लोहे का पाइप लगा था। वह पाइप रास्ते में झूलती हाईटेंशन लाइन से छू गया। इससे तेज रोशनी व धमाका हुआ तो ट्राली में बैठे लोग नीचे कूद पड़े।
ट्रैक्टर चालक वीरेंद्र, साउंड सिस्टम संचालक बंटी व 10 वर्षीय दीप कुछ समझ नहीं सका। वे तीनों लोहे के पाइप से ट्राली में फैले करंट की चपेट में आ गए। दीप उछलकर नीचे गिरा, इतने में ट्रॉली का पहिया उसके ऊपर से गुजर गया। उसकी मौके पर मौत हो गई। गंभीर रूप से झुलसे ट्रैक्टर चालक वीरेंद्र की उपचार के लिए बरेली ले जाते समय मौत हो गई।
साउंड सिस्टम संचालक बंटी का गंभीर अवस्था में बरेली में उपचार कराया जा रहा है। हादसे की सूचना पर एसपी नार्थ मुकेश मिश्रा व सीओ डॉ. अरुण कुमार गांव पहुंचे। पूर्व प्रधान तिरमोहन सिंह ने बताया कि हाईटेंशन लाइन नीचे झूल रही थी, इस कारण हादसा हुआ। दो लोगों की जान चली गई, इसके बावजूद बिजली विभाग का कोई अधिकारी स्थिति देखने नहीं आया।
