Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    बरेली सेंट्रल जेल में भारी चूक: 10 सुरक्षाकर्मियों की आंखों में धूल झोंक भागा उम्रकैदी, जेलर समेत 7 सस्पेंड

    Updated: Mon, 22 Jun 2026 11:43 PM (IST)

    बरेली सेंट्रल जेल से दुष्कर्म का उम्रकैद काट रहा कैदी दिनेश कुमार फरार हो गया। इस लापरवाही के चलते जेलर समेत सात कर्मचारियों को निलंबित कर दिया गया है ...और पढ़ें

    जेल से भागा  आरोप‍ित

    जेल से भागा आरोप‍ित

    HighLights

    1. नाबालिग से दुष्कर्म में बिजनौर की कोर्ट ने सुनाई थी सजा

    2. खेत पर काम के लिए बैरक से निकाला, चकमा देकर भागा

    जागरण संवाददाता, बरेली। नाबालिग से दुष्कर्म में उम्रकैद काट रहा दिनेश कुमार सोमवार को सेंट्रल जेल से फरार हो गया। उसे खेतों में काम करने के लिए बैरक से निकाला गया था। उस दौरान निगरानी के लिए जेल का स्टाफ तैनात रहता है, मगर कैदी उनका लापरवाह रवैया भांप चुका था।

    वह पांच जेल वार्डर समेत 10 कर्मचारियों की आंखों में धूल झोंककर भाग गया। इस प्रकरण में लापरवाही पर जेलर नीरज कुमार, डिप्टी जेलर वंदना सिंह चौधरी, हेड जेल वार्डर विशंभर, अर्जुन प्रसाद, गेंदा लाल, जेल वार्डर मुकेश, मोहित को निलंबित कर दिया गया। सभी के विरुद्ध विभागीय जांच भी बैठाई गई है।

    यह कार्रवाई डीआइजी जेल की रिपोर्ट पर शासन से की गई है। साथ ही वरिष्ठ जेल अधीक्षक अविनाश गौतम के विरुद्ध भी विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं। अमरोहा के डिडौली के नन्हेड़ा राजपूत गांव निवासी दिनेश ने वर्ष 2020 में एक नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया था।

    छह साल बाद बिजनौर कोर्ट ने नौ जनवरी, 2026 को उसे दोषी मानते हुए उम्रकैद एवं 20 हजार रुपये जुर्माना की सजा सुनाई। 19 अप्रैल को उसे बिजनौर से बरेली की सेंट्रल जेल में भेज दिया गया। जेल अधिकारियों के अनुसार, सोमवार को 45 बंदियों को बैरक से निकालकर जेल के फार्म हाउस (खेत) पर काम करने के लिए भेजा गया था।

    खबरें और भी

    फार्म हाउस की बाउंड्री भी है। पूर्वाह्न 11:30 बजे तक अन्य कैदियों ने दिनेश को काम करते देखा, इसके बाद नजर नहीं आया। वह सुरक्षा में तैनात विशंभर सिंह, अर्जुन प्रसाद, गेंदनलाल, मुकेश कुमार, मोहित कुमार को गच्चा देकर भाग गया, किसी को भी भनक तक नहीं लगी। दोपहर को भोजन के दौरान गिनती हुई तब दिनेश नहीं था।

    जेल प्रशासन ने इज्जतनगर थाना प्रभारी सुरेश गौतम को इसकी जानकारी दी। पुलिस की चार टीमें जेल के आसपास व अमरोहा तक दौड़ीं, मगर दिनेश का कोई सुराग नहीं लगा। जेल व आसपास की सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी निकलवाई गई हैं। उसके विरुद्ध जेल प्रशासन की ओर से इज्जतनगर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।

    यह भी पढ़ें- बरेली एयरपोर्ट का महा-विस्तार! अब एक साथ खड़ी होंगी 10 एयरबस, इन नए शहरों के लिए शुरू होगी फ्लाइट