Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    बाराबंकी में खुल रही हर घर नल योजना की पोल, जंक लग चुके नल में पानी का इंतजार

    Updated: Mon, 10 Aug 2026 06:39 PM (IST)

    Barabanki News: हरख ब्लाक के बरेहटा गांव को कंपनी ने पेयजल आपूर्ति से अच्छांदित दिखाया है। जल निगम की वेबसाइट पर भी विवरण उपलब्ध है। बरेहटा गांव में 2 ...और पढ़ें

    HighLights

    1. महीनों से अधूरा पड़ा ओवरहेड टैंक का काम, पंप बंद और आपरेटर का पता नहीं

    2. सिद्धौर की रसूलाबाद-बीबीपुर पेयजल परियोजना का हाल

    3. गांवों में खोदी की सड़कों की भी नहीं कराई जा रही मरम्मत

    प्रेम अवस्थी, बाराबंकी। उत्तर प्रदेश में हर घर नल योजना की पोल राजधानी से सटे जिले में ही खुल रही है। बाराबंकी के सिद्धौर ब्लाक के मांदूपुर कटरा गांव में लोग महीनों से टोंटी विहीन नल से पानी आने का इंतजार रहे हैं।

    मांदूपुर कटरा गांव में सड़क किनारे बने अपने घर के सामने लगे टोंटी विहीन पाइप को पड़के हुए सीतारानी का दो वर्षीय पौत्र बैठा और खाली बाल्टी मुंह चिढ़ाती दिखी। पाइप लाइन में पानी आता कि नहीं? पूछते ही सीतारानी नाराज हो गईं, बोली दोबारा पूछा तो यह पाइप लाइन उखाड़कर फेंक दूंगी।

    इसके बाद उल्टा सवाल पूछा कि जब टोंटी ही नहीं है तो पानी आने का सवाल ही कहां उठता? हाथ उठाकर 200 मीटर दूर लगे हैंडपंप को दिखाते हुए बोली कि वहां से पानी लाती हूं। इस गांव की सीतारानी अकेली नहीं हैं, जिनके घर के सामने नल का पाइप तो लग गया पर जल नहीं आ रहा।

    रसूलाबाद-बिहारीलाल गांव में पानी टंकी का निर्माण दो वर्ष से अधूरा है। पंप हाउस बना है, सोलर प्लांट लगा है, लेकिन पंप करीब दो माह से बंद है। पानी की आपूर्ति नहीं है। सोमवार को सुबह करीब 11 बजे कोई भी पंप आपरेटर नहीं मिला। टंकी के बगल रहने वाली सूरजदेई ने बताया कि पंप का मोटर जल गया है।

    खबरें और भी

    इसी स्थान से बीबीपुर और मांदूपुर कटरा, कौरहा पुरवा और पथरपुरवा को पानी की आपूर्ति होनी है। बीबीपुरगढ़ में रामगीर बाबा की समाधि स्थल के निकट बसे मोहल्ले में कभी पानी पहुंचा ही नहीं। यहां टोंटी विहीन पाइपों में जंक लग चुकी है। नाजमा बानों, जरीना, बिट्टन, मो. मुशीर ने बताया कि उनके घरों में लगे नल के पाइप से कभी पानी नहीं आया।

    सड़क की नहीं की मरम्मत

    मांदूपुर से कौरहापुरवा तक आरसीसी सड़क को तोड़कर पानी की पाइप लाइन बिछाई गई थी, लेकिन इसकी मरम्मत नहीं की गई। इससे आवागमन में परेशानी होती है। अक्सर लोग बाइक व साइकिल से गिर भी जाते हैं।

    नहीं दिया कनेक्शन

    मांदूपुर कटरा की मोहना देवी पत्नी स्वर्गीय राम विलास ने उनके घर में कनेक्शन नहीं किया।

    धनराशि आवंटन में देरी के कारण काम अधूरा

    अधिशासी अभियंता जल निगम बाराबंकी, अमित कुमार ने बताया कि रसूलाबाद-बिहारीलाल पेयजल परियोजना धनराशि आवंटन में देरी के कारण पूरी नहीं हो सकी है। टंकी निर्माण कार्य रुका है। पाइप लाइन बिछाने के बाद पंप से पानी की आपूर्ति की जाती है। पंप खराब है तो उसे ठीक कराया जाएगा। कार्य पूरा करने की तिथि जून 2028 है।

    फैक्ट फाइल-कार्य स्थल पर लगे बोर्ड के अनुसार

    परियोजना का नाम- रसूलाबाद-बिहारीलाल और बीबीपुर पेयजल परियोजना
    कार्यदायी संस्था -मेधा इंजीनियरिंग एंड इंफ्रास्ट्रक्चर लि.
    लागत : 441.48 लाख
    लाभान्वित गांव - तीन
    लाभान्वित जनसंख्या :5939
    वितरण प्रणाली की लंबाई :11613 मीटर
    कनेक्शन: 1081
    नोट-बोर्ड पर निर्माण किसी भी अधिकारी का व संस्था के कर्मचारी का मोबाइल नंबर नहीं लिखा।