इंस्टाग्राम पर लिखा- मैं सुसाइड करने जा रहा हूं, बाराबंकी में META अलर्ट पर पुलिस ने सात मिनट में बचा ली जान
बाराबंकी में एक युवक ने पारिवारिक विवाद के बाद मानसिक तनाव में इंस्टाग्राम पर आत्महत्या का वीडियो पोस्ट किया। मेटा के अलर्ट पर मसौली पुलिस ने सात मिनट ...और पढ़ें

META अलर्ट पर पुलिस ने सात मिनट में बचा ली जान।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, बाराबंकी। पारिवारिक विवाद के बाद मानसिक तनाव में आए 20 वर्षीय युवक ने रविवार शाम नहर किनारे पहुंचकर इंस्टाग्राम पर आत्महत्या करने संबंधी वीडियो पोस्ट कर दिया।
मेटा की ओर से मिले अलर्ट ने समय रहते उसकी लोकेशन पुलिस तक पहुंचा दी। पुलिस मुख्यालय लखनऊ से सूचना मिलते ही मसौली पुलिस सात मिनट में युवक के पास पहुंचकर उसे नहर किनारे से सुरक्षित हटा लिया।
जैदपुर के अहमदपुर निवासी 20 वर्षीय युवक शाबिर अली रविवार शाम करीब 6:23 बजे नहर के किनारे पहुंचा था। पारिवारिक विवाद के कारण वह मानसिक तनाव और भावनात्मक अवसाद में था।
इसी दौरान उसने वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया, जिसमें वह आत्महत्या करने की बात कह रहा था। पोस्ट की निगरानी के दौरान मेटा कंपनी की ओर से पुलिस महानिदेशक मुख्यालय स्थित इंटरनेट मीडिया सेंटर को ई-मेल के माध्यम से तत्काल अलर्ट भेजा गया।
पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण के निर्देश पर मुख्यालय के इंटरनेट मीडिया सेंटर ने अलर्ट को गंभीरता से लेते हुए युवक के मोबाइल नंबर के आधार पर उसकी लोकेशन ट्रेस की।
इसके बाद मसौली पुलिस के उपनिरीक्षक राशिद, हेड कांस्टेबल वीरेंद्र यादव सात मिनट में युवक के पास पहुंच गए। उपनिरीक्षक ने बताया कि युवक नहर के किनारे बैठा रो रहा था। बेहद तनाव की स्थिति में था। उसे नहर से दूर किया और बातचीत कर शांत कराया। उसकी काउंसिलिंग की गई।
विवाद के बाद आया विचार
पुलिस की पूछताछ में युवक ने बताया कि वह मजदूरी करता है। घर में विवाद होने के बाद वह मानसिक तनाव और भावनात्मक अवसाद में चला गया था। काउंसिलिंग के बाद युवक सामान्य स्थिति में आया और भविष्य में ऐसा कदम न उठाने का आश्वासन दिया।