Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    बांदा को 710 करोड़ की 229 परियोजनाओं की सौगात, CM योगी बोले- बदल गई बुंदेलखंड की तस्वीर

    Updated: Thu, 09 Jul 2026 07:11 PM (IST)

    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बांदा में ₹710 करोड़ की 229 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार में बुंदेलखंड ...और पढ़ें

    सीएम योगी ने बांदा को दी 710 करोड़ की 229 परियोजनाओं की सौगात।

    सीएम योगी ने बांदा को दी 710 करोड़ की 229 परियोजनाओं की सौगात।

    HighLights

    1. सीएम योगी ने बांदा में 229 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण किया।

    2. ₹710 करोड़ की लागत से बुंदेलखंड में विकास कार्य होंगे।

    3. मुख्यमंत्री ने कहा, बुंदेलखंड अब डकैतों के आतंक से मुक्त है।

    जागरण संवाददाता, बांदा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को बांदा के पंडित जेएन पीजी कालेज मैदान में आयोजित जनसभा में बांदा और बबेरू विधानसभा क्षेत्र की 710 करोड़ रुपये की लागत वाली 229 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।

    इस अवसर पर उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार के नौ वर्षों में बुंदेलखंड की तस्वीर और तकदीर दोनों बदली हैं। कभी पलायन, पेयजल संकट और डकैतों के लिए पहचाने जाने वाले इस क्षेत्र में आज विकास की नई इबारत लिखी जा रही है।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री बनने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें सबसे पहले बुंदेलखंड का दौरा करने और इस क्षेत्र के विकास को प्राथमिकता देने के लिए कहा था। उस समय बुंदेलखंड पिछड़ेपन, पलायन और पेयजल संकट से जूझ रहा था।

    डकैतों और विभिन्न माफियाओं का आतंक था। किसान खेतों तक जाने से डरते थे, नौजवान रोजगार के लिए पलायन कर रहे थे और व्यापारी भय के माहौल में जीवन बिता रहे थे।

    77664964

    उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 में प्रदेश में डबल इंजन सरकार बनने के बाद हालात तेजी से बदले। आज बुंदेलखंड बेहतर सड़क और रेल संपर्क से जुड़ रहा है। हर घर तक पेयजल पहुंचाने और किसानों के खेतों तक सिंचाई का पानी उपलब्ध कराने के लिए बड़े पैमाने पर काम किया जा रहा है।

    खबरें और भी

    सरकारी नौकरियों में भी बांदा के युवाओं की भागीदारी बढ़ी है, जो पहले केवल एक सपना हुआ करती थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परिवर्तन जनता के सहयोग और अच्छे जनप्रतिनिधियों के प्रयासों से संभव हुआ है।

    उन्होंने सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी, जलशक्ति राज्य मंत्री रामकेश निषाद और नरैनी विधायक ओममणि वर्मा का उल्लेख करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों की सक्रियता से क्षेत्र में विकास परियोजनाओं को गति मिली है।

    77660329

    उन्होंने कहा कि आज बुंदेलखंड डकैतों और माफियाओं के आतंक से मुक्त होकर विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है। रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज, कृषि विश्वविद्यालय, इंजीनियरिंग कॉलेज जैसी संस्थाएं संचालित हो रही हैं। पॉलिटेक्निक कॉलेज का निर्माण कराया जा रहा है तथा सड़क, पेयजल और अन्य आधारभूत सुविधाओं के विस्तार पर तेजी से कार्य चल रहा है।

    मुख्यमंत्री ने वर्ष 2017 से पहले की सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि उस समय कानून व्यवस्था चरमराई हुई थी और गरीबों को सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पाता था।

    आज बिना किसी भेदभाव के प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, मुफ्त राशन सहित सभी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंच रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'सबका साथ, सबका विकास' के मंत्र के अनुरूप प्रदेश सरकार सभी वर्गों के विकास के लिए काम कर रही है।

    ये रहे मौजूद

    जनसभा में कृषि विदेश व्यापार एवं कृषि विपणन राज्यमंत्री दिनेश प्रताप सिंह, जलशक्ति राज्य मंत्री रामकेश निषाद, जिला पंचायत अध्यक्ष सुनील पटेल, नगर पालिका अध्यक्ष मालती बसु, राज्यसभा सदस्य बाबूराम निषाद, विधान परिषद सदस्य डा. बाबूलाल तिवारी, सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी, विधान परिषद सदस्य जितेंद्र सिंह सेंगर, नरैनी विधायक ओममणि वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष कल्लू राजपूत, क्षेत्रीय अध्यक्ष रामकिशोर साहू, पूर्व सांसद आर.के. पटेल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

    यह भी पढ़ें- सीएम योगी ने बांदा में लाभार्थियों को सौंपे नियुक्ति पत्र, चेक और चाबियां; विकास प्रदर्शनी का किया अवलोकन

    यह भी पढ़ें- '2017 से पहले बुंदेलखंड में भू-माफिया और डकैतों का आतंक था', बांदा में गरजे सीएम योगी