बलिया से लापता तीन किशोरियां दिल्ली में मिलीं, एटीएम से पैसे निकालते ही मिली लोकेशन
बलिया के गड़वार क्षेत्र से लापता हुईं तीन किशोरियां दिल्ली में सकुशल मिल गई हैं। एक किशोरी द्वारा एटीएम से ...और पढ़ें

बलिया में गड़वार पुलिस उन्हें लेने के लिए दिल्ली रवाना हो गई है।
HighLights
तीन किशोरियां दिल्ली में सकुशल मिलीं
जागरण संवाददाता, नगरा (बलिया)। गड़वार क्षेत्र के एक गांव से शनिवार को लापता हुईं 13, 14 और 15 वर्ष की तीन किशोरियां दिल्ली में सकुशल मिल गईं। किशोरियों के दिल्ली में मिलने की सूचना पर स्वजन और पुलिस ने राहत की सांस ली। गड़वार पुलिस उन्हें लेने के लिए दिल्ली रवाना हो गई है।
स्वजन के अनुसार तीनों सहेलियां शनिवार को हथौड़ी स्थित निजी विद्यालय में पढ़ने गई थीं। स्कूल की छुट्टी के बाद तीनों घर नहीं लौटीं। काफी खोजबीन के बाद भी पता नहीं चलने पर स्वजन ने पुलिस से शिकायत कर बरामदगी की गुहार लगाई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तलाश शुरू की। जांच के दौरान बलिया रेलवे स्टेशन पर लगे सीसी कैमरों के फुटेज में तीनों किशोरियों की तस्वीर सामने आई।
इसके बाद सीओ सिटी सतीश कुमार शर्मा के निर्देश पर सर्विलांस टीम को सक्रिय किया गया। रविवार देर शाम एक किशोरी ने साथ ले जाए गए अपने पिता के एटीएम कार्ड से 10 हजार रुपये निकाले। रुपये निकलने का मैसेज उसके पिता के मोबाइल पर पहुंचा। उन्होंने तत्काल गड़वार थानाध्यक्ष हितेश कुमार को इसकी सूचना दी। एटीएम लेनदेन से मिले सुराग के आधार पर पुलिस ने किशोरियों की लोकेशन दिल्ली में ट्रेस की।
एएसपी बलिया ने दिल्ली पुलिस से संपर्क कर किशोरियों को सुरक्षित हिरासत में लेने का अनुरोध किया। इसके बाद जीआरपी दिल्ली ने तीनों को सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस किशोरियों से पूछताछ कर उनके दिल्ली पहुंचने की परिस्थितियों की जानकारी जुटा रही है। गड़वार पुलिस स्वजन के साथ दिल्ली के लिए रवाना हो गई है।
