बलिया में परिषदीय स्कूलों में यू-ट्यूबर्स और बाहरी लोगों की एंट्री पर रोक, बेसिक शिक्षा अधिकारी ने जारी किया लेटर
बलिया के परिषदीय विद्यालयों में अब यू-ट्यूबर्स, सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर्स और अन्य बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। यह कदम छात्रों की ...और पढ़ें

बलिया के परिषदीय स्कूलों में यू-ट्यूबर्स और बाहरी लोगों की एंट्री पर प्रतिबंध छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित।
HighLights
बलिया के परिषदीय स्कूलों में बाहरी प्रवेश पर रोक।
यू-ट्यूबर्स और कंटेंट क्रिएटर्स को बिना अनुमति प्रवेश नहीं।
छात्रों की सुरक्षा और पढ़ाई का माहौल सुनिश्चित किया जाएगा।
जागरण संवाददाता, बलिया। जनपद के परिषदीय विद्यालयों में अब यू-ट्यूबर्स, सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर्स और अन्य बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने इस संबंध में सभी खंड शिक्षा अधिकारियों और विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को निर्देश जारी कर आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने को कहा है।
बीएसए ने जारी पत्र में स्पष्ट किया है कि विभागीय अनुमति के बिना कोई भी बाहरी व्यक्ति, यू-ट्यूबर अथवा कंटेंट क्रिएटर विद्यालय परिसर में प्रवेश नहीं कर सकेगा। इसके साथ ही विद्यालय में अध्ययनरत बच्चों की फोटो और वीडियो बनाने पर भी प्रतिबंध लगाया गया है।
बताया गया कि पिछले दिनों कुछ यू-ट्यूब चैनलों और सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर्स द्वारा विद्यालयों में पहुंचकर बिना अनुमति वीडियो बनाए जाने और उन्हें इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित किए जाने की शिकायतें सामने आई थीं। इससे विद्यार्थियों की सुरक्षा के साथ ही विद्यालयों में पठन-पाठन का माहौल प्रभावित होने की आशंका जताई गई थी।
इसी को ध्यान में रखते हुए बेसिक शिक्षा विभाग ने यह कदम उठाया है। बीएसए ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि विद्यालयों में बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश और बिना अनुमति फोटो-वीडियोग्राफी पर विशेष निगरानी रखी जाए। यदि कोई व्यक्ति बिना अनुमति फोटो या वीडियो बनाता पाया जाता है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।