बलिया में लगेगी स्व. रामगोविंद चौधरी की प्रतिमा, सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने दी श्रद्धांजलि
अखिलेश यादव ने बलिया में दिवंगत समाजवादी नेता रामगोविंद चौधरी को श्रद्धांजलि दी और उनके परिवार से मुलाकात की। उन्होंने ...और पढ़ें
HighLights
अखिलेश यादव ने बलिया में दिवंगत रामगोविंद चौधरी को श्रद्धांजलि अर्पित की।
चौधरी की प्रतिमा बलिया में उपयुक्त स्थान पर स्थापित की जाएगी।
सपा प्रमुख ने शोकाकुल परिवार को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया।
जागरण संवाददाता, बलिया। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि स्व. रामगोविंद चौधरी की स्मृति में जनपद में किसी उपयुक्त स्थान को चिह्नित कर उनकी प्रतिमा लगवाई जाएगी। रामगोविंद चौधरी समाजवाद और पार्टी के मजबूत स्तंभ थे। उनका व्यक्तित्व दो युगों त्रेता और द्वापर के मेल जैसा था। पार्टी के प्रति उनका समर्पण कभी व्यर्थ नहीं जाएगा। सपा सदैव उनके परिवार के साथ खड़ी रहेगी।
वह शुक्रवार को दोपहर करीब एक बजे हेलीकॉप्टर से बलिया पहुंचे। यहां से वह सिकंदरपुर तहसील क्षेत्र के नवानगर ब्लाक अंतर्गत गोसाईंपुर गांव स्थित स्व. रामगोविंद चौधरी के आवास पर पहुंचे।
उन्होंने स्व. चौधरी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद शोकाकुल परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और इस दुख की घड़ी में साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया।
अखिलेश यादव ने स्व. रामगोविंद चौधरी के राजनीतिक योगदान और पार्टी के प्रति उनके समर्पण को याद करते हुए कहा कि वह समाजवादी विचारधारा के मजबूत आधार थे। पार्टी के लिए उनका योगदान महत्वपूर्ण रहा है। उनके निधन से हुई क्षति की भरपाई आसान नहीं है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि समाजवादी पार्टी उनके परिवार के साथ हमेशा खड़ी रहेगी।
करीब डेढ़ घंटे तक गोसाईंपुर स्थित आवास पर रहने के बाद अखिलेश यादव दोपहर करीब 2:50 बजे बलिया से रवाना हो गए। इससे पूर्व हेलीकाप्टर से उतरते ही एक युवक उनकी तस्वीर लेकर उनके पास पहुंचा। युवक को तस्वीर के साथ देखकर अखिलेश यादव ने उसे आटोग्राफ भी दिया। यह दृश्य वहां मौजूद लोगों के बीच चर्चा का विषय रहा।
