बलिया में गंगा में स्नान करते समय दोस्तों के प्रयास के बाद भी डूब गया युवक, एनडीआरएफ ने निकाला शव
बलिया के कोटवा नारायणपुर घाट पर सावन की सोमवारी पर गंगा स्नान के दौरान 18 वर्षीय युवक आदित्य यादव की डूबने से मौत हो गई। दोस्तों के बचाने के प्रयास और ...और पढ़ें

बलिया में गंगा स्नान करते समय युवक डूबा, एनडीआरएफ ने निकाला शव।
HighLights
बलिया में सावन सोमवारी पर गंगा स्नान करते युवक डूबा।
18 वर्षीय आदित्य यादव की गहरे पानी में डूबने से मौत।
एनडीआरएफ ने कई घंटे बाद युवक का शव बरामद किया।
जागरण संवाददाता, भरौली (बलिया)। नरहीं थाना क्षेत्र के कोटवा नारायणपुर घाट पर सोमवार को सावन की सोमवारी पर गंगा स्नान करने आए युवक की डूबने से मौत हो गई। हादसे के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। कई घंटे की मशक्कत के बाद युवक को गहरे पानी से बाहर निकाला गया।
स्वजन उसे जीवित होने की उम्मीद में बक्सर सदर अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। शाहपुर थाना क्षेत्र के भांवरकोल, गाजीपुर निवासी छोटे लाल यादव का 18 वर्षीय पुत्र आदित्य यादव सोमवार को अपने दोस्तों संदीप, अमन और जयप्रकाश के साथ कोटवा नारायणपुर घाट पर गंगा स्नान करने आया था।
स्नान के दौरान आदित्य अचानक गहरे पानी में चला गया। उसके डूबने की जानकारी होते ही दोस्तों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन पानी की गहराई अधिक होने के कारण वह देखते ही देखते लापता हो गया। दोस्तों ने तत्काल घटना की सूचना उसके स्वजन को दी। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग बड़ी संख्या में घाट पर जुट गए।
नरहीं थाने की पुलिस भी गोताखोरों के साथ मौके पर पहुंची और युवक की तलाश शुरू कराई। पुलिस और स्थानीय गोताखोरों ने कई घंटे तक नदी में खोजबीन की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद बलिया में सक्रिय एनडीआरएफ-11 वाराणसी की टीम को सूचना दी गई।
खबरें और भी
टीम के कुशल गोताखोरों ने मौके पर पहुंचकर अभियान शुरू किया। काफी प्रयास के बाद आदित्य को गहरे पानी से बाहर निकाल लिया गया। स्वजन ने बताया कि मृतक आदित्य कोटवा नारायण पुर में सिद्धेश्वर नाथ इंटर कालेज में 12वीं का छात्र था। तीन भाइयों में वह दूसरे नंबर पर था।