विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बहराइच में गिरिजापुरी डाकघर का गहराया संकट, हजारों ग्रामीण परेशान

Updated: Sun, 28 Jun 2026 03:25 PM (IST)

बहराइच के गिरिजापुरी डाकघर की बदहाल व्यवस्था से हजारों ग्रामीण परेशान हैं, क्योंकि इसे 14 किलोमीटर दूर चफरिया स्थानांतरित कर दिया गया है। नेटवर्क समस्याओं और सर्वर डाउन होने के कारण ग्रामीणों को डाक संबंधी कार्यों के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ रही है।

गिरिजापुरी डाकघर का संकट गहराया। AI जेनरेटेड फोटो

गिरिजापुरी डाकघर का संकट गहराया। AI जेनरेटेड फोटो

HighLights

  1. गिरिजापुरी डाकघर 14 किमी दूर चफरिया स्थानांतरित।

  2. नेटवर्क समस्या से ग्रामीण डाक सेवा से वंचित।

  3. डाक कार्य हेतु 110 किमी तक यात्रा।

संवाद सूत्र, बिछिया (बहराइच)। नेपाल सीमा से सटे मिहींपुरवा विकासखंड के जंगल क्षेत्र स्थित गिरिजापुरी डाकघर की बदहाल व्यवस्था से क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। डाकघर से फ़कीरपुरी, विशुनपुर, वर्दिया, अंबा, कारिकोट, चहलवा, बाजपुर बनकटी, बरखरिया और सुजौली सहित कई ग्राम पंचायतों के लोग जुड़े हैं।

ग्रामीणों के अनुसार, डाकघर का मूल पंजीकृत स्थान सिंचाई कालोनी, गिरिजापुरी है, लेकिन वर्तमान में इसे लगभग 14 किलोमीटर दूर चफरिया बाजार से संचालित किया जा रहा है। अधिकांश लोगों को इस स्थानांतरण की कोई आधिकारिक सूचना नहीं दी गई है।

कर्मचारियों का कहना है कि गिरिजापुरी में नेटवर्क समस्या के कारण उच्च अधिकारियों के निर्देश पर डाकघर को अस्थायी रूप से चफरिया स्थानांतरित किया गया है। हालांकि चफरिया में भी स्थिति संतोषजनक नहीं है। ग्रामीणों का आरोप है कि घंटों इंतजार के बाद भी सर्वर न चलने का हवाला देकर उन्हें वापस लौटा दिया जाता है।

वहीं डाक संबंधी कार्य के लिए उन्हें 45 किलोमीटर दूर मिहींपुरवा या लगभग 110 किलोमीटर दूर बहराइच जाना पड़ता है। उप डाकपाल देवेंद्र ने बताया कि सर्वर संबंधी समस्या की जानकारी कई बार उच्च अधिकारियों को भेजी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं हो सका है।

यह भी पढ़ें- कासगंज एसपी की बड़ी कार्रवाई: इंस्पेक्टर और चौकी इंचार्ज लाइन हाजिर, महकमे में हड़कंप

यह भी पढ़ें- लखनऊ के आठ निजी स्कूलों पर पांच-पांच लाख रुपये जुर्माने की तैयारी, मनमानी फीस और ड्रेस खरीदारी का मामला