Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    बागपत विद्युत उपकेंद्र में बंदरों की उछलकूद से लगी आग, डेढ़ लाख का नुकसान

    Updated: Wed, 01 Jul 2026 05:31 PM (IST)

    अमीनगर सराय के 132 केवी विद्युत उपकेंद्र में बंदरों की उछलकूद से कैपेसिटर में आग लग गई, जिससे लगभग डेढ़ लाख रुपये का नुकसान हुआ। ...और पढ़ें

    HighLights

    1. अमीनगर सराय विद्युत उपकेंद्र में बंदरों से लगी आग।

    2. कैपेसिटर के 24 कैप्सूल जले, डेढ़ लाख का नुकसान।

    3. दमकल ने आग बुझाई, बड़ा हादसा टला।

    जागरण संवाददाता, बागपत। अमीनगर सराय कस्बे के 132 केवी विद्युत उपकेंद्र पर मंगलवार सुबह बंदरों की उछलकूद के दौरान कैपेसिटर में आग लग गई।

    आग से कैपेसिटर के 24 कैप्सूल जल गए और करीब डेढ़ लाख रुपये का नुकसान हो गया। हालांकि, प्रत्येक मशीन पर दो कैपेसिटर होने के कारण विद्युत आपूर्ति प्रभावित नहीं हुई और दूसरे कैपेसिटर से सप्लाई सामान्य रूप से चलती रही। दमकल कर्मियों ने समय रहते आग पर काबू पा लिया।

    मंगलवार सुबह बिजलीघर परिसर में बंदरों के उछलकूद करने के दौरान कैपेसिटर में शार्ट सर्किट हो गया। देखते ही देखते आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार उठने लगा, जिससे बिजलीघर परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही नगर स्थित रिपोर्टिंग पुलिस चौकी पर तैनात दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे और आग बुझा दी। सूचना पर ऊर्जा निगम के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और क्षतिग्रस्त उपकरणों का निरीक्षण किया।

    बंदरिया और उसका बच्चा जले मिले

    आग बुझने के बाद कैपेसिटर के पास एक बंदरिया और उसकी छाती से लिपटा उसका जला हुआ बच्चा मृत मिले। माना जा रहा है कि बच्चे को बचाने के प्रयास में बंदरिया भी करंट की चपेट में आ गई और दोनों की दर्दनाक मौत हो गई। प्रथमदृष्टया इसी घटना को आग लगने का कारण माना जा रहा है।

    कैपेसिटर वोल्टेज को रखते हैं स्थिर

    जेई ट्रांसमिशन गोपाल कुमार ने बताया कि कैपेसिटर घर में लगे स्टेबलाइजर की तरह कार्य करते हैं। इनका काम विद्युत वोल्टेज को स्थिर बनाए रखना होता है। प्रत्येक मशीन पर दो कैपेसिटर लगे होते हैं। एक कैपेसिटर खराब होने पर दूसरे से काम लिया जाता है, इसलिए विद्युत आपूर्ति बाधित नहीं हुई। आग से करीब डेढ़ लाख रुपये का नुकसान हुआ है।

    खबरें और भी

    दमकल की कार्रवाई से टला बड़ा हादसा

    दमकल की गाड़ी नगर स्थित रिपोर्टिंग पुलिस चौकी पर तैनात थी, जो विद्युत उपकेंद्र से चंद कदमों की दूरी पर है। आग लगते ही कर्मचारियों ने चौकी पहुंचकर सूचना दी, जिसके तुरंत बाद दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे और कुछ ही देर में आग पर काबू पा लिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि दमकल समय पर नहीं पहुंचती तो आग अन्य मशीनों तक फैल सकती थी और बिजलीघर में बड़ा हादसा हो सकता था।