बागपत हादसे में बढ़कर 13 हुई मृतकों की संख्या, सीएम ने की मदद की घोषणा
बागपत में ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर श्रद्धालुओं से भरे पिकअप वाहन को कैंटर ने टक्कर मार दी, जिससे 13 लोगों ...और पढ़ें

HighLights
ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर पिकअप-कैंटर की टक्कर।
हादसे में 13 श्रद्धालुओं की दुखद मौत, 23 घायल।
मुख्यमंत्री ने मृतकों-घायलों के लिए आर्थिक मदद की घोषणा।
जागरण संवाददाता, बागपत। राजस्थान के बागड़ धाम से बदायूं लौट रहे श्रद्धालुओं का पिकअप वाहन रविवार रात ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे (ईपीई) पर भीषण हादसे का शिकार हो गया। बंद होने के बावजूद गूगल मैप पर बड़ागांव के पास दिखाए गए यूटर्न पर पिकअप वाहन मोड़ने के लिए धीमी गति करते ही पीछे से आए तेज रफ्तार कैंटर ने उसमें टक्कर मार दी। इससे पिकअप डिवाइडर से टकराकर पलट गई। इसमें सवार 13 श्रद्धालुओं की मौत हो गई और 23 घायल हैं।
आरोपित कैंटर चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। एडीजी भानू भास्कर और डीआईजी कलानिधि नैथानी ने मौके पर पहुंचकर पीड़ित स्वजन का हाल जाना। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर दुख प्रकट करते हुए मृतकों के स्वजन को दो-दो लाख और घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक मदद देने की घोषणा की है।
बदायूं से 35 श्रद्धालुओं को लेकर पिकअप वाहन गत दो सितंबर को बागड़ धाम गया था। गाड़ी में चालक समेत कुल 36 लोग थे। इनमें दूसरे गांव के लोग भी शामिल थे। पूजा-अर्चना करने के बाद श्रद्धालु रविवार सुबह करीब 10 बजे अपने गांव के लिए रवाना हुए थे। रात करीब 1:30 बजे ईपीई पर चालक ने गलती से गाजियाबाद के टोल प्लाजा के बजाय बागपत के ग्राम बड़ागांव टोल प्लाजा से वाहन उतार लिया था।
इसके बाद लोग वापस अपने गंतव्य को जा रहे थे। बताया गया है कि गूगल मैप पर एक्सप्रेसवे पर यूटर्न के लिए कट दिखाया, चालक विपिन ने पिकअप को मोड़ने के लिए जैसे ही गाड़ी धीमी कि तभी पीछे से आ रहे कैंटर ने जोरदार टक्कर मार दी। इसके बाद पिकअप अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गई। उसमें सवार श्रद्धालु एक्सप्रेसवे पर दूर तक गिरते चले गए।
पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस की मदद से खेकड़ा व बागपत सीएचसी और जिला अस्पताल भिजवाया। छह श्रद्धालुओं की बागपत और छह की मेरठ मेडिकल कालेज के अस्पताल व एक की दिल्ली में उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। 23 घायलों का विभिन्न अस्पतालों में उपचार चल रहा है। डीएम अस्मिता लाल एवं एसपी सूरज कुमार राय ने रात में ही जिला अस्पताल पहुंचकर जांच की।
सोमवार दोपहर एडीजी और डीआइजी भी हादसा स्थल पर पहुंचे। पोस्टमार्टम के बाद बागपत से छह श्रद्धालुओं के शवों को लेकर पीड़ित स्वजन बदायूं चले गए। बदायूं के गांव निजामपुर निवासी श्रद्धालु कुंवरपाल की ओर से कैंटर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। एसपी ने बताया कि आरोपित कैंटर चालक शामली के कैराना निवासी अरुण को गिरफ्तार कर लिया गया है।
हादसे के बाद लगा जाम, दो कैंटर टकराए
हादसे के बाद ईपीई पर करीब एक किमी दूर तक जाम लग गया था। इस दौरान एक कैंटर में पीछे से आ रहे दूसरे कैंटर ने टक्कर मार दी। इसमें मेरठ निवासी चालक इस्लाम घायल हुआ। इस्लाम सोनीपत में एयरटेल वेयर हाउस जा रहा था। पीछे से टकराए कैंटर का चालक केबिन में फंस गया था। पुलिस ने बमुश्किल उसे बाहर निकालकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
मृतकों की सूची
गांव अल्लापुर चमारी निवासी 80 वर्षीय रामेश्वर यादव, 60 वर्षीय साधु यादव, उनके भाई 55 वर्षीय प्रेम सिंह यादव व पत्नी 55 वर्षीय मुन्ना देवी, 20 वर्षीय मुनीम कुमार यादव, सात वर्षीय अमित उर्फ जितेंद्र, 39 वर्षीय मूर्ति, 40 वर्षीय भगवती, गांव सारई गुरिया निवासी चार वर्षीय सौरभ यादव व उसकी दो वर्षीय बहन दीक्षा, गांव निजामपुर निवासी 54 वर्षीय बेगमावती, गांव चेतू नंगला निवासी 80 वर्षीय सुगड़पाल यादव व 32 वर्षीय अवनीश पुत्र साहब सिंह निवासी ग्राम अल्लापुर बदायूं शामिल हैं।
हादसाग्रस्त वाहन का 93,950 व कैंटर का 12,500 का चालान हादसे के बाद प्रशासन की सख्ती शुरू हो गई है। एआरटीओ विपिन कुमार ने बताया कि पिकअप वाहन का स्वामी अशोक निवासी बस्तोई सीकरी बदायूं है, जिसके खिलाफ परमिट न होना, बिना ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन चलाना, खतरनाक ड्राइविंग करने और गाड़ी को गलत तरीके से माडीफाई करने पर 93,950 का चालान किया है।
कैंटर की मालकिन मनीषा पत्नी नरेश निवासी बारी रोड धौलपुर राजस्थान की गाड़ी का चालान बगैर डीएल के वाहन चलाने और खतरनाक तरीके से ड्राइविंग करने पर 12,500 का चालान किया गया है। दोनों वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित किए गए हैं। वाहनों के पंजीकरण की निरस्तीकरण की कार्रवाई के लिए संबंधित आरटीओ को रिपोर्ट भेजी जा रही है। एसपी सूरज कुमार राय का कहना है कि पिकअप गाड़ी का माडीफाई कराने पर उसके स्वामी अशोक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
