आजमगढ़ में मैजिक चलाना सीख रहे युवक ने दुकान से सामान लेकर वापस लौट रहे बालक को रौंदा, मौत
आजमगढ़ के शाहगढ़ बाजार में मैजिक वाहन सीखने के दौरान एक युवक ने सात वर्षीय बालक ऋषू चौहान को रौंद दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। ...और पढ़ें

HighLights
मैजिक सीखते युवक ने सात वर्षीय बच्चे को रौंदा।
आजमगढ़ के शाहगढ़ बाजार में हुई दर्दनाक घटना।
पुलिस ने मां की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया।
जागरण संवाददाता, आजमगढ़। सिधारी थाना क्षेत्र के शाहगढ़ बाजार में रविवार की सुबह मैजिक सीख रहे युवक ने किराना की दुकान से सामान लेकर घर लाैट रहे सात वर्षीय ऋषू चौहान को रौंद दिया। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
ग्रामीण आननफानन में उसे नजदीकी सीएचसी ले गए, जहां डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस मैजिक को लेकर जांच-पड़ताल के लिए थाना लेकर चली आई। मृतक की मां के तहरीर पर पुलिस मुकदमा दर्ज कर जांच में जुट गई है।
यह है पूरी घटना
शाहगढ़ निवासी ऋषू चौहान पास के एक विद्यालय में कक्षा दो का छात्र था। पिता प्रवेश चौहान रोजी-रोटी के सिलसिले में खाड़ी देश में काम करते है। घर पर मां ज्ञानमती देवी ऋषू चौहान समेत तीन अन्य बच्चों का किसी तरह से भरण-पोषण करती है। प्रतिदिन की तरह सुबह ऋषू अपनी मां से रुपये लेकर सामने किराना की दुकान पर कुछ सामान लेने के लिए गया था।
दुकान के पास पड़ोसी का मैजिक खड़ा था। तभी अचानक अमन चाबी लेकर आया और मैजिक सीखने के लिए चाबी लगाकर स्टार्ट कर दिया। अचानक मैजिक की रफ्तार तेज हो गई और सामान लेकर घर लौट रहे ऋषू को रौंदते हुए आगे निकल गई।
खबरें और भी
घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंचे स्वजन उसे नजदीकी सीएचसी ले गए जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना से स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है।
सिधारी थानाध्यक्ष राकेश सिंह ने बताया कि मृतक की मां ज्ञानमती देवी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।