विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

राम मंदिर में दान गणना के बदले नियम, अलग कंट्रोल रूम बना; CCTV की निगरानी में होगी त्रिस्तरीय जांच

Published: Tue, 23 Jun 2026 11:46 AM (IST)

अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावा चोरी प्रकरण के बाद दान गणना प्रक्रिया में बड़े बदलाव किए गए हैं। अब सीसीटीवी ...और पढ़ें

राम मंदिर में दान गणना के बदले नियम।

राम मंदिर में दान गणना के बदले नियम।

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

लवलेश कुमार मिश्र, अयोध्या। राम मंदिर में चढ़ावा चोरी प्रकरण उजागर हो जाने और एसआइटी जांच जारी रहने के बीच ही गणना प्रक्रिया और इसमें संलग्न कर्मियों के लिए नियम बदले गए हैं।

यात्री सुविधा केंद्र (पीएफसी) के जिस गोपनीय कक्ष में गणना कराई जाती थी, वहां लगे सीसी कैमरों के लिए अलग से कंट्रोल रूम तैयार किया गया है। इसका एक्सेस पुलिस को भी दिया गया है।

नकदी को बैंक में जमा कराने ले जाते समय तीन व्यक्तियों से क्रास चेक कराया जाएगा और उनके हस्ताक्षर कराए जाएंगे। बैंक में नकदी का मिलान होगा। गणना कक्ष से निकलते समय भी अब सघन तलाशी कराई जाएगी। सभी दानपात्रों व कैश काउंटरों को सीसी कैमरे की निगरानी में कर दिया गया है।

दानराशि में गबन मामले के तूल पकड़ने के बाद एसआइटी जांच करने पहुंची, तो उसे छह दिनों की जांच में हर कदम पर खामियां मिलीं। वित्तीय पारदर्शिता के जरूरी नियमों का पालन नहीं होता मिला। निगरानी व सघन जांच के अभाव के कारण ही गणना कर्मियोें ने इतने बड़े खेल को अंजाम दे दिया।

सूत्रों का कहना है कि एसआइटी के निर्देश पर जांच के बीच ही नकदी की गणना और इसे बैंक में जमा कराने की प्रक्रिया को बदला गया है। जांच में गणना कर्मियों की निकलते समय चेकिंग न होना मिलने पर अब सभी कर्मियों की प्रवेश व निकास के समय शत-प्रतिशत जांच कराने को कहा गया है।

पूरे परिसर में जिन-जिन स्थानों पर दानपेटिकाएं रखी हैं और जहां कैश काउंटर स्थापित हैं, उन्हें कैमरे की निगरानी में किया गया है। दानराशि निकालते समय और गणना कक्ष ले जाते समय वीडियो रिकार्डिंग होगी।

कैमरों से छेड़छाड़ न हो सके, इसके लिए अलग कंट्रोल रूम बनाकर एक्सेस पुलिस को भी दिया गया है। अब दोनों स्तर से जांच हो सकेगी। रास्ते में बाक्स से नकदी निकालने की संभावना न रहे, इसके लिए नकदी बैंक ले जाने और बैंक में जमा कराते समय न केवल मिलान होगा, बल्कि सील करते समय तीन व्यक्तियों से क्रास चेक करा हस्ताक्षर कराए जाएंगे।

गणना में लगे ट्रस्ट, बैंक व एजेंसी के कर्मियों को बदलने की भी चर्चा है, लेकिन पुष्टि नहीं हो पाई। बताया जा रहा कि इन कर्मियों को भी अब दूसरे कामों में लगाया गया है।

उधर, एसबीआइ के शाखा प्रबंधक का कहना है कि कर्मियों को बदला जरूर जाएगा, परंतु अभी ऐसा नहीं किया गया है। सूत्रों ने बताया कि एसआइटी जांच जारी रहने तक अभी कार्रवाई नहीं की जाएगी।

यह भी पढ़ें- अयोध्या मंदिर चढ़ावा विवाद में दोषियों पर हो कड़ी कार्रवाई के लिए बलिया से बटुकों ने सीएम को लिखा पत्र