चढ़ावा चोरी मामला: पुलिस ने कराया सीन रिक्रिएशन, आरोपी टिन्नू और मनीष की निशानदेही पर एक कार और 2 बाइक बरामद
राम मंदिर के चढ़ावा चोरी मामले में आरोपित रामशंकर यादव टिन्नू व उसके भतीजे मनीष यादव से चोरी का सीन रिक्रिएशन कराया गया। ...और पढ़ें
-1784502481930_m.webp)
रामशंकर यादव टिन्नू और मनीष यादव
HighLights
आरोपित टिन्नू व मनीष से चोरी का सीन रिक्रिएशन।
चोरी के धन से खरीदी दो बाइक व एक कार बरामद।
पुलिस पूछताछ में तीन-चार अन्य व्यक्तियों के नाम मिले।
जागरण संवाददाता, अयोध्या। राम मंदिर के चढ़ावा चोरी मामले के आरोपित रामशंकर यादव टिन्नू व उसके भतीजे मनीष यादव से पुलिस ने चोरी का सीन रिक्रिएशन कराया। शनिवार की देर रात हुए रिक्रिएशन में यह समझा गया कि चोरी किस तरीके से होती रही और इसमें किन-किन लोगों की संलिप्तता रही।
कस्टडी रिमांड में डेढ़ दिन चली पूछताछ में पुलिस ने टिन्नू के कब्जे से दो बाइक व एक कार बरामद की है। इन्हें चोरी के धन से ही खरीदने की बात सामने आई है। पूछताछ के दौरान पुलिस ने दोनों से अन्य आरोपितों के बयान का मिलान कर सत्यापन किया है। न्यायालय से मिली 39 घंटे की रिमांड अवधि रविवार की रात्रि 11 बजे पूरी हो गई। दोनों से पूछताछ में पुलिस को तीन-चार अन्य व्यक्तियों के नाम मिले हैं। इनसे भी शीघ्र पूछताछ किए जाने की संभावना है।
चढ़ावा चोरी के छह आरोपितों को अलग-अलग तिथियों पर रिमांड लेने के बाद पुलिस ने अंत में इस मामले के मास्टरमाइंड माने जा रहे पूर्व महासचिव चंपतराय के ड्राइवर रहे रामशंकर यादव टिन्नू व उसके भतीजे मनीष यादव को अभिरक्षा में लिया था। न्यायालय से स्वीकृति मिल जाने के बाद इन्हें शनिवार की सुबह साढ़े आठ बजे जेल से निकाला गया था।
पुलिस लाइन में दिन भर पूछताछ करने के बाद टिन्नू व उसके भतीजे मनीष को पुलिस टीम शनिवार की मध्यरात्रि लगभग दो बजे राम मंदिर परिसर लेकर गई। सूत्रों ने बताया कि दोनों को गणना कक्ष में ले जाकर उनसे गणना के दौरान की जाने वाली चोरी और धनराशि छिपाने के तरीके की जानकारी ली गई।
खबरें और भी
इस दौरान एसआईएस के सुरक्षाकर्मियों को बाहर रोक दिया गया था। लगभग एक घंटे तक परिसर में रखने के बाद पुलिस टीम दोनों को उस स्थान पर ले गई, जहां उनके परिजन रह रहे हैं। स्वर्गद्वार मोहल्ला स्थित टिन्नू यादव के मकान पर ताला लटका है। उसके स्वजन कहीं अन्यत्र निवास कर रहे हैं।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि रविवार की सुबह फिर दोनों को पुलिस लाइन में ही रखकर पूछताछ की जाती रही। इससे पहले टिन्नू की निशांदेही पर दो बाइकें व एक कार बरामद कर ली गई है। हालांकि कोई नकदी या आभूषण नहीं बरामद हुआ।
पुलिस के उच्चपदस्थ अधिकारियों ने इसकी पुष्टि की है। सूत्रों ने यह भी बताया कि दोनों ने चोरी में अपनी भूमिका को स्वीकारते हुए पछतावा भी जताया है और फूट-फूट कर रोए भी हैं। इससे पहले रिटायर्ड बैंक कर्मी सुभाष श्रीवास्तव ने भी चोरी प्रकरण में अपनी भूमिका को लेकर खेद जताया था।