राम मंदिर के पास ही होगा सीईओ का आवास, जल्द निर्धारित होगा कार्यालय व स्टाफ
श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के नवनियुक्त सीईओ जितेंद्र मिश्र अपनी पत्नी के साथ अयोध्या पहुंचे और नियमित कामकाज शुरू किया। ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर।
HighLights
सीईओ जितेंद्र मिश्र पत्नी संग अयोध्या पहुंचे, कामकाज शुरू।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर व्यवस्थाएं समझीं।
राम मंदिर के पास ही मिला आवास, पारदर्शिता पर जोर।
जागरण संवाददाता, अयोध्या। श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के नवनियुक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) जितेंद्र मिश्र मंगलवार को तीन दिनों बाद फिर अयोध्या पहुंचे। इस बार उनकी पत्नी वत्सला मिश्रा भी साथ आईं हैं। अब वह यहां रुक कर नियमित कामकाज शुरू करेंगे और व्यवस्थाओं का समुचित क्रियान्वयन कराएंगे।
सीईओ ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मंदिर परिसर पहुंचने पर ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष महेश भागचंदका, ट्रस्टी मदनमोहन पांडेय व अन्य पदाधिकारियों के साथ उनका स्वागत किया। इस दौरान सीएम से उनकी औपचारिक मुलाकात भी हुई। नियुक्ति के बाद दूसरी बार रामनगरी आए सीईओ ने सबसे पहले मंदिर परिसर पहुंच कर पत्नी के साथ रामलला का दर्शन-पूजन किया।
फिर वह परिसर में ही स्थित ग्रीन हाउस चले गए, जहां निरंतर मंदिर से जुड़े अधिकारियों व कर्मियों के साथ बैठकें कीं और प्रबंधन से जुड़े कुछ दिशा-निर्देश भी दिए। यहां थोड़ी देर रुकने के बाद वह कोषाध्यक्ष महेश भागचंदका के साथ तीर्थ क्षेत्र भवन, फिर रामघाट स्थित ट्रस्ट के लेखा कार्यालय पहुंचे। वहां कर्मचारियों से लेखा संबंधी जानकारी प्राप्त की।
इसके बाद वह मंदिर पहुंचे और मुख्यमंत्री के दर्शन से जुड़ी व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। इस दौरान पुलिस-प्रशासन से जुड़े अधिकारी भी रहे। दोपहर बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रामलला के दर्शन के लिए मंदिर पहुंचे तो वहां मुलाकात हुई।
इस दौरान ट्रस्ट पदाधिकारियों के साथ सीएम की संक्षिप्त बैठक हुई। सीईओ व अन्य ने उन्हें मंदिर संचालन की अद्यतन स्थिति की जानकारी दी। ट्रस्ट ने नवनियुक्त सीईओ को राम मंदिर के समीप ही रहने के लिए आवास आवंटित कर दिया है। पत्रकारों से बातचीत में सीईओ ने कहा कि अब वह नियमित रूप से कार्य करेंगे। जल्द ही उनके कार्य धरातल पर दिखेंगे और समस्त व्यवस्थाएं पारदर्शी ढंग से संचालित होंगी।
