अयोध्या के रुदौली में पागल कुत्तों का कहर, 24 बकरियां और दो भैंसें घायल; नीलगाय को भी नोंच डाला
अयोध्या के रुदौली ब्लॉक में पागल कुत्तों का आतंक बढ़ गया है, जिन्होंने 24 बकरियों और 2 भैंसों को घायल कर दिया है, साथ ही एक नीलगाय को भी मार डाला है। ...और पढ़ें

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण
HighLights
रुदौली में पागल कुत्तों ने 24 बकरियां, 2 भैंसें घायल कीं।
अमहटा गांव के पास एक नीलगाय को भी मार डाला।
ग्रामीण दहशत में, प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग।
संवाद सूत्र, जागरण, शुजागंज (अयोध्या)। रुदौली विकासखंड के ग्राम अमाहटा, बरावां और पासिन पुरवा में पागल कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। इन कुत्तों ने अब तक 24 बकरियों और दो भैंसों को काट कर घायल कर दिया है। इतना ही नहीं, अमहटा गांव के निकट एक नीलगाय को भी घेरकर मार डाला।
लगातार हो रहे हमलों से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। लोग बच्चों को अकेले घर से बाहर भेजने से कतरा रहे हैं, जबकि पशुपालकों ने पशुओं को चराने के लिए खेतों और बागों में ले जाना भी कम कर दिया है।
इससे ग्रामीणों के सामने सुरक्षा के साथ-साथ आर्थिक संकट भी खड़ा हो गया है। ग्रामीणों के अनुसार, महेश रावत की दो, सत्यनाम की एक, काशीराम की एक, दीवाने की एक, हन्टरी की दो, धनीराम की दो, सोमनाथ की एक, रामरूप की दो, उरून की दो, सीताराम की दो, नूढ़री की दो, पुनवासी की दो तथा मंहगू की एक बकरी को इन कुत्तों ने काट लिया।
इसके अलावा रामकृपाल मौर्य की दो भैंसें भी हमले में घायल हो गईं। कुल मिलाकर 24 बकरियां और दो भैंसें इन हमलों का शिकार हुई हैं। पशुओं के उपचार पर ग्रामीणों को अतिरिक्त खर्च भी उठाना पड़ रहा है।
रामकृपाल मौर्य ने बताया कि उनकी दोनों भैंसों पर अचानक कुत्तों ने हमला कर दिया। काफी मशक्कत के बाद उन्हें बचाया जा सका। उन्होंने कहा कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो किसी इंसान पर भी जानलेवा हमला हो सकता है।
खबरें और भी
वहीं, सीताराम ने बताया कि गांव में हर समय भय का माहौल बना रहता है। बच्चे घरों से बाहर निकलने में डर रहे हैं और पशुपालक भी अपने मवेशियों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार संबंधित अधिकारियों को सूचना देने के बावजूद अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
यह भी पढ़ें- अयोध्या में स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद की मांग, 'राम मंदिर के लिए मूर्धन्य धर्माचार्यों का ट्रस्ट बने'
लोगों ने प्रशासन से तत्काल अभियान चला कर इन कुत्तों को पकड़वाने तथा गांवों में सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। वही खंड विकास अधिकारी अखिलेश गुप्ता ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में आया है।
संबंधित विभागों समन्वय स्थापित कर ग्राम पंचायत को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने ग्रामीणों से भी सतर्कता बरतने की अपील की है।