अयोध्या में श्रद्धालुओं को सहूलियत, अब राम मंदिर में आरती दर्शन का तत्काल पास
अयोध्या के राम मंदिर में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए आरती दर्शन के लिए तत्काल पास की नई व्यवस्था शुरू की गई है। यह सुविधा बिड़ला धर्मशाला ...और पढ़ें

जन्मभूमि पर निर्मित दिव्य-भव्य राम मंदिर। सौ. ट्रस्ट
HighLights
तत्काल आरती पास सुविधा राम मंदिर अयोध्या में शुरू।
बिड़ला धर्मशाला यात्री सेवा केंद्र पर सुबह 6 बजे से उपलब्ध।
शयन आरती के लिए उसी दिन तत्काल पास जारी होते हैं।
जागरण संवाददाता, अयोध्या। सावन मेले की शुरूआत के साथ ही रामनगरी में श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। अयोध्या आने वाले श्रद्धालु राम मंदिर में आरती दर्शन को लालायित रहते हैं। श्रद्धालुओं की बढ़ती मांग के बीच श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने आरती दर्शन के लिए तत्काल पास जारी करने की नई व्यवस्था शुरू कर दी है।
अब श्रद्धालुओं को आरती दर्शन के लिए बिड़ला धर्मशाला के सामने बने यात्री सेवा केंद्र पर विशेष काउंटर बनाया गया है। यहां प्रतिदिन सुबह छह बजे से पास जारी किए जा रहे हैं। अभी इस काउंटर से प्रतिदिन 45 आरती दर्शन पास जारी किए जा रहे हैं।
ट्रस्ट का कहना है कि व्यवस्था का आकलन करने के बाद जरूरत के अनुसार इनकी संख्या बढ़ाई जाएगी, ताकि अधिक से अधिक श्रद्धालु आरती दर्शन का लाभ उठा सकें। मंदिर में प्रतिदिन तीन आरती होती हैं। मंगला आरती सुबह चार बजे तथा श्रृंगार आरती सुबह छह बजे होती है।
इन दोनों आरतियों के लिए पास एक दिन पहले जारी किए जाते हैं। वहीं रात नौ बजे होने वाली शयन आरती के लिए उसी दिन तत्काल पास उपलब्ध कराया जाता है। आनलाइन व्यवस्था के तहत प्रतिदिन 100 आरती दर्शन पास जारी होते हैं। इसके अलावा विशेष परिस्थितियों के लिए 75 रेफरल पास की व्यवस्था भी है।
खबरें और भी
यह भी पढ़ें- राम मंदिर ट्रस्ट ने बैंक लॉकर में रखे आभूषणों की कराई वीडियोग्राफी, वेबसाइट पर भी जल्द करेगा प्रदर्शित
ट्रस्ट के अनुसार नियमित दर्शन के लिए अब तक तीन हजार से अधिक पास जारी किए जा चुके हैं। छह माह की वैधता वाले नित्य दर्शन पासों का नवीनीकरण लगातार किया जा रहा है।
नई व्यवस्था से विशेष रूप से दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है, क्योंकि अब उन्हें आरती दर्शन के पास के लिए अतिरिक्त भागदौड़ नहीं करनी पड़ेगी। पास व्यवस्था से जुड़े एक कर्मी ने बताया कि मेला में आरती पास निर्गत करने की व्यवस्था सख्ती से लागू की जा रही है।