विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 28, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

'ये जो हर तरफ भ्रष्टाचार...', अयोध्या में जलभराव पर Akhilesh Yadav की प्रतिक्रिया; BJP सरकार को कह दी बड़ी बात

Updated: Fri, 28 Jun 2024 05:12 PM (IST)

अयोध्या में जलभराव की समस्या अब राजनीतिक मुद्दा बनता जा रहा है। इस पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव की भी प्रतिक्रिया आई है। सपा प्रमुख ने इसके लिए भाजपा सरक ...और पढ़ें

अयोध्या में जलभराव पर Akhilesh Yadav की प्रतिक्रिया - जागरण ग्राफिक्स
अयोध्या में जलभराव पर Akhilesh Yadav की प्रतिक्रिया - जागरण ग्राफिक्स

HighLights

  1. अयोध्या में जलभराव के लिए अखिलेश ने भाजपा सरकार को ठहराया जिम्मेदार
  2. रामनगरी में प्री-मानसून बरसात के साथ ही जलभराव की समस्या बढ़ी

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। प्री-मानसून बरसात के साथ ही जलभराव की समस्या बढ़ने लगी है। मानसून में हालत और भी खराब होगी। रामनगरी में जलभराव की समस्या को सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भी उजागर करते हुए भाजपा सरकार पर निशाना साधा है।

सपा प्रमुख ने अपने एक्स हैंडल पर वीडियो शेयर कर लिखा, 'ये जो हर तरफ ‘भ्रष्टाचार का सैलाब’ है। उसके लिए भाजपा सरकार जिम्मेदार है।' जारी वीडियो में रामनगरी में जलभराव की तस्वीरें दिखाई गईं हैं।

जलभराव से जूझती रामनगरी में इस समस्या के लिए, जितना नालों की सफाई व्यवस्था दोषी है, उतनी ही जिम्मेदार मार्गों की दुर्दशा और निचली भूमि (लो-लैंड) में आवासीय क्षेत्र का विस्तार भी है। बढ़ती जनसंख्या के साथ लोगों ने अपनी आवासीय आवश्यकता पूरी करने के लिए नगर क्षेत्र एवं उससे सटे विस्तारित क्षेत्र में भवन बना लिये लेकिन वहां जल निकासी की समुचित व्यवस्था करने में सरकारी तंत्र नाकाम है, जिसके कारण हल्की सी बरसात में ही जलभराव हो जाता है।

वजीरगंज जप्ती की सरस्वतीपुरम कालोनी, देवकाली गांव, मझवा गद्दोपुर व उसरू सहित अन्य क्षेत्र इसके प्रमाण हैं। शहर में मार्गों की दुर्दशा भी जलभराव का कारण है। उदाहरण के लिए अवधपुरी कालोनी फेज थ्री को ही ले लीजिए। यहां पाइप लाइन डालने के लिए जल निगम ने मार्गों को खोद दिया है। पाइप डालने के बाद गड्ढों की मरम्मत ठीक से नहीं की गई। अब बरसात में गड्ढे की मिट्टी बैठ गई है, जिससे पूरी कालोनी में अलग से ही नाले की भांति गड्ढा हो गया, जिसमें पानी भर जाने से जलभराव हो गया है।

कीचड़ और फिसलन से लोगों का चलना दूभर हो जाता है। यह समस्या लगातार दो-तीन महीनों से बनी हुई है। अवधपुरी की भांति नाका, राठहवेली, धारा रोड परिक्रमा मार्ग, काली बाड़ी, खुर्द महल मैदान आदि क्षेत्रों में जर्जर मार्ग जलभराव का कारण बने हुए हैं। जल निगम एवं लोकनिर्माण विभाग मार्गों की मरम्मत के मामले में कमजोर साबित हो रहा है, जिसका दुष्परिणाम बरसात में जलभराव के रूप में जनता झेल रही है।

गड्ढों की मरम्मत करा रहा जल निगम

रामपथ, पुलिस लाइन, चौक सहित उन स्थानों पर जहां सीवर लाइन के पास गड्ढे हुए थे, उन्हें जल निगम तेजी से ठीक करा रहा है। अधिशासी अभियंता जल निगम आनंद दुबे ने बताया कि प्रयास किया जा रहा है कि 48 घंटे में गड्ढों की मरम्मत करा ली जाए। अधिकांश गड्ढे बंद करा दिए गए हैं।

जनता बोली

की दुर्दशा सुधारने की दिशा में नगर निगम, जल निगम और लोकनिर्माण विभाग गंभीर नहीं है। जर्जर मार्ग भी जलभराव का कारण बन रहे हैं। इस पर तत्काल कार्रवाई होनी चाहिए। -राघवेंद्र प्रताप सिंह

अवधपुरी कालोनी फेज थ्री में पाइप लाइन डालने के बाद गड्ढे बंद नहीं किए गए हैं। बरसात होने से मिट्टी धंस गई है, जिससे जलभराव हो रहा है, लेकिन अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। -राहुल निषाद

गद्दाेपुर अंडरपास के नीचे की सड़क वर्षों से जर्जर है। बरसात ही नहीं सामान्य दिनों में भी यहां जलभराव रहता है। इस समस्या के समाधान के लिए कभी प्रयास ही नहीं हुआ। -ज्ञानेश सिंह

जर्जर मार्गों की समस्या को गंभीरता से लिया जाना चाहिए। ऐसे मार्ग जलभराव के साथ-साथ दुर्घटना का कारण बनते हैं। प्रशासन खराब मार्गों की मरम्मत कराए। -अंजेश सिंह

ये भी पढ़ें - 

यूपी में बीच सड़क पर सिपाही की वर्दी फाड़ी, मारपीट कर जान से मारने की दी धमकी; ये है माजरा