विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अयोध्या-दिल्ली एयर इंडिया एक्सप्रेस उड़ान 30 सितंबर तक रद, अक्टूबर से बढ़ेंगी फ्लाइटें

Published: Thu, 03 Sep 2026 10:43 PM (IST)

रामनगरी अयोध्या से दिल्ली के लिए एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान 30 सितंबर तक स्थगित कर दी गई है, जो ...और पढ़ें

News Article Hero Image

जागरण संवाददाता, अयोध्या। रामनगरी से दिल्ली के लिए उड़ान भरने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस 30 सितंबर तक स्थगित रहेगी। इस फ्लाइट का संचालन एक सितंबर को सुबह नौ बजे से शुरू होना था। इससे पहले एयर इंडिया एक्सप्रेस की यह फ्लाइट शाम चार बजकर 20 मिनट पर दिल्ली के लिए संचालित होती रही, लेकिन अब इसे पूरी तरह से स्थगित कर दिया गया गया है।

दिल्ली के लिए रामनगरी से अब दो ही फ्लाइटें उपलब्ध हैं। इसमें पहली आकासा और दूसरी इंडिगो की फ्लाइट शामिल है। आकासा सप्ताह में मात्र एक दिन बुधवार को चलती है। यह दोपहर 12 बजे के लगभग दिल्ली के लिए प्रस्थान करती है। इंडिगो की फ्लाइट नियमित है। यह फ्लाइट शाम चार बजकर 30 मिनट पर दिल्ली के उड़ान भरती है।

महर्षि वाल्मीकि हवाई अड्डे से वर्तमान में इंडिगो, आकासा व एलायंस एयर की फ्लाइटें अलग-अलग शहरों के लिए संचालित हो रही हैं। ये फ्लाइटें दिल्ली के अलावा अहमदाबाद, बेंगलुरु, मुंबई व हिसार के लिए अपनी सेवाएं दे रही हैं।

रामनगरी से हवाई यात्रा करने वालों को राहत देने के लिए एयरलाइंस अपने शेड्यूल में बदलाव करने की तैयारी में थी। इसके बाद दिल्ली जाने के लिए सुबह के समय भी यात्रियों को सीधी उड़ान का लाभ मिलता, पर सफलता नहीं मिली। इस सेवा के लिए एयर इंडिया एक्सप्रेस की एक फ्लाइट का संचालन सुबह नौ बजे से होना था, लेकिन अपरिहार्य कारणों से इस फ्लाइट का संचालन नहीं हो सका।

एयरपोर्ट के शुरुआती दौर में कुछ दिन बाद तक सुबह दिल्ली के लिए फ्लाइट सेवा का लाभ मिलता था। लेकिन बाद में ये फ्लाइट बंद कर दी गई। तब से अब तक सुबह के समय एक भी फ्लाइट का संचालन नहीं हो सका।

एयरपोर्ट के निदेशक धीरेंद्र सिंह ने बताया कि परिचालन कारणों से एयर इंडिया एक्सप्रेस फ्लाइट का संचालन नहीं हो सका। सितंबर के बाद इस फ्लाइट से हवाई यात्रा का लाभ मिल सकता है। निदेशक ने बताया कि अक्टूबर के बाद फ्लाइटें बढ़ेंगी। इसमें रामनगरी से मुंबई और दिल्ली के लिए एक-एक फ्लाइटें उपलब्ध होंगी।