Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    गांव में पढ़कर रितिक ने गेट परीक्षा में हासिल की AIR-23 रैंक, सीधे यहां मिली नियुक्ति

    Updated: Sat, 04 Jul 2026 06:00 PM (GMT+05:30)

    ग्रामीण पृष्ठभूमि से आए रितिक कुमार शाक्य ने गेट परीक्षा में AIR-23 रैंक हासिल कर विशेषज्ञ पद प्राप्त किया है। ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    HighLights

    1. रितिक शाक्य ने गेट परीक्षा में AIR-23 रैंक प्राप्त की।

    2. औरैया जिले के ग्रामीण क्षेत्र से मिली बड़ी सफलता।

    जागरण संवाददाता, औरैया। ग्रामीण क्षेत्र के एक साधारण परिवार से निकलकर तहसील के होनहार युवा रितिक कुमार शाक्य ने भारत सरकार के रक्षा मंत्रालय के एक विभाग में चयनित होकर जनपद औरैया का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि पर परिवार, गुरुजनों, अधिवक्ताओं और क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है तथा लगातार बधाइयां दी जा रही हैं।

    एमएनएनआईटी से किया बीटेक

    अछल्दा विकासखंड की ग्राम सभा चंदैया के मजरा पूर्वा उजैने निवासी अधिवक्ता सत्यभान सिंह शाक्य एवं शिक्षिका सुनीता शाक्य के पुत्र रितिक कुमार शाक्य की प्रारंभिक शिक्षा रैपिड ग्लोबल स्कूल, बिधूना से हुई।

    इसके बाद उन्होंने कानपुर के पूर्णचंद्र विद्या निकेतन से इंटरमीडिएट की शिक्षा प्राप्त की। उच्च शिक्षा के लिए उन्होंने मोतीलाल नेहरू राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एमएनएनआईटी), प्रयागराज से बीटेक किया।

    रितिक ने गेट परीक्षा-2025 में ऑल इंडिया रैंक-23 प्राप्त की। इसी उत्कृष्ट रैंक के आधार पर उनका नाम रक्षा मंत्रालय के एक विभाग में शॉर्टलिस्ट किया गया। इसके बाद साक्षात्कार में सफल होने पर उनका अंतिम चयन हो गया।

    नियुक्ति के लिए रवाना होने के दौरान पिता अधिवक्ता सत्यभान सिंह शाक्य, माता सुनीता शाक्य तथा दादा एवं पूर्व प्रधानाध्यापक बाबा उदल सिंह ने भावुक होकर उन्हें विदा किया। इस दौरान परिवार की खुशी देखते ही बन रही थी।

    पिता बोले- सपना साकार कर दिया

    रैपिड ग्लोबल स्कूल के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर अनुपम प्रताप सिंह भदौरिया ने रितिक की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय को अपने मेधावी छात्र पर गर्व है।

    उन्होंने रितिक के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। अन्य गुरुजनों एवं शुभचिंतकों ने भी उनके माता-पिता को बधाई देते हुए इसे पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण बताया।

    रितिक की माता सुनीता शाक्य, जो एक इंटर कॉलेज में शिक्षिका हैं, ने कहा कि उन्हें अपने बेटे पर गर्व है। वहीं पिता सत्यभान सिंह शाक्य ने कहा कि उनके इकलौते पुत्र ने उनका सपना साकार कर दिया है और उन्हें उस पर बेहद फख्र है।

    जानकारी के अनुसार, इस पद के लिए पूरे देश से केवल आठ अभ्यर्थियों का चयन हुआ है। इनमें औरैया जनपद की बिधूना तहसील के छोटे से मजरे पूर्वा उजैने के रितिक कुमार शाक्य भी शामिल हैं। उनकी इस उपलब्धि पर तहसील बार एसोसिएशन, बिधूना ने भी अधिवक्ता साथी सत्यभान सिंह शाक्य को बधाई देते हुए खुशी व्यक्त की है।