चेन पुलिंग कर फफूंद स्टेशन पर रोक दी नॉनस्टाप ट्रेन, RPF ने दौड़ाकर पकड़ा तो रोते हुए बताई हैरान करने वाली वजह
एक युवक ने फफूंद रेलवे स्टेशन पर नॉन-स्टॉप छपरा-आनंद विहार एक्सप्रेस की चेन पुलिंग कर दी। ...और पढ़ें

HighLights
युवक ने यूट्यूब से सीखा चेन पुलिंग का तरीका।
फफूंद स्टेशन पर नॉन-स्टॉप ट्रेन रोकी गई।
आरपीएफ ने पीछा कर युवक को पकड़ा।
जागरण संवाददाता, औरैया। यू-ट्यूब पर ट्रेनों में चेन पुलिंग करने का तरीका सीख एक युवक ने उसे यात्रा के दौरान अपनाते हुए ट्रेन संख्या 12527 छपरा-आनंद विहार एक्सप्रेस को फफूंद रेलवे स्टेशन पर रोक दिया। नान-स्टाप ट्रेन रुकते ही आरपीएफ पहुंच गई। चार मिनट तक ट्रेन रुकी रही। सफर कर रहे दूसरे यात्री परेशान हुए।
कोच से उतर यात्री आरपीएफ को देख भागने लगा और रेलवे की बाउंड्रीवाल फांद कर एक दुकानदार के घर में घुस गया, जहां से उसे बाहर निकाला गया तो उसने आरपीएफ के एक सिपाही से धक्का-मुक्की कर दी। पहुंचे अन्य सिपाहियों ने उसे पकड़ा और पोस्ट पर ले गई।
मुचलका भरवाने के बाद उसे जाने दिया गया। युवक के पास यात्रा टिकट नहीं था। उसका मोबाइल फोन जब्त कर लिया गया। न्यायालय में उपस्थित होकर चेन पुलिंग के मामले में निर्धारित जुर्माना जमा करने की बात कही गई। घटना सोमवार सुबह करीब 9.30 बजे की है। 9.34 बजे के बाद ट्रेन गंतव्य को रवाना हो सकी।
यह है पूरा मामला
दिबियापुर निवासी मनीष पांडेय ब्लाक में संविदा कर्मचारी हैं। कानपुर सेंट्रल पर गोमती एक्सप्रेस छूट जाने पर छपरा-आनंद विहार एक्सप्रेस के कोच में सवार हो गए। ट्रेन का ठहराव फफूंद स्टेशन पर नहीं था। इस बात की जानकारी पर उन्होंने यू-ट्यूब पर ट्रेन को रोकने के सीखे तरीके को अपनाया। स्टेशन आने से पहले कोच में चेन पुलिंग कर दी, जिससे ट्रेन रुक गई।
खबरें और भी
आरपीएफ से बचने के लिए मनीष भागने लगा, जिसे बमुश्किल पकड़ा जा सका। पोस्ट के सामने पहुंचते ही युवक रोने और चिल्लाने लगा, जिससे वहां लोगों की भीड़ जुट गई।
आरपीएफ प्रभारी नंद किशोर ने पूछताछ की तो मनीष ने बताया कि उसे गोमती एक्सप्रेस पकड़नी थी, लेकिन वह ट्रेन छूट गई।इसके बाद वह गलती से छपरा से आनंद विहार टर्मिनल जा रही ट्रेन में सवार हो गया। इस ट्रेन का फफूंद स्टेशन पर ठहराव नहीं था। स्टेशन पर उतरने के लिए उसने यूट्यूब पर ट्रेन की चेन पुलिंग करने का तरीका देखा और चेन खींचकर ट्रेन रोक दी।
आरपीएफ प्रभारी ने बताया कि पूछताछ में युवक ने अपने परिवार के कई सदस्यों के पुलिस विभाग में तैनात होने की बात कही है। फिलहाल उससे मुचलका भरवाकर छोड़ दिया गया है।