बिधूना में चोरी की बाइक और फर्जी नंबर प्लेट के साथ तीन युवक गिरफ्तार, पुलिस जांच जारी
बिधूना पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान फर्जी नंबर प्लेट लगी चोरी की बाइक के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ...और पढ़ें

HighLights
बिधूना में वाहन चेकिंग के दौरान तीन आरोपी गिरफ्तार।
चोरी की बाइक पर लगी थी फर्जी नंबर प्लेट।
पुलिस वाहन चोरों के नेटवर्क की कर रही है जांच।
जागरण संवाददाता, औरैया। बिधूना कोतवाली पुलिस ने क्षेत्र में वाहन चेकिंग के दौरान फर्जी नंबर प्लेट लगी चोरी की बाइक के साथ तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें इटावा जेल भेज दिया गया।
पुलिस अब क्षेत्र में सक्रिय वाहन चोरों और चोरी की बाइकों के मुख्य सप्लायरों का नेटवर्क खंगालने में जुट गई है। 10 जून को चोरी की बाइक पुलिस के हाथ लगी थी।
रविवार सुबह लगभग नौ बजे कस्बे के भगत सिंह चौराहे पर उपनिरीक्षक सोहेल खान अपनी पुलिस टीम के साथ संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान एक बाइक पर सवार युवकों को संदिग्ध प्रतीत होने पर रोका गया। पुलिस ने जब उनसे वाहन के कागजात मांगे, तो वे कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
दस्तावेज न मिलने पर जब पुलिस ने वाहन की गहनता से पड़ताल की, तो पता चला कि बाइक चोरी की है। आरोपितों ने पकड़े जाने से बचने के लिए उस पर फर्जी नंबर प्लेट लगा रखी थी। पुलिस ने मौके से तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।
पकड़े गए आरोपितों की पहचान रजनीश कुमार पुत्र संतोष निवासी पूर्वा विष्णु थाना सहार, शीलू पुत्र मोहर सिंह और संदीप पुत्र राकेश निवासीगण बरुआ बबीना सुखचैनपुर के रूप में हुई है। 10 जून को भी पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध बाइक के साथ एक युवक को जेल भेजा था।
खबरें और भी
जांच में सामने आया था कि वह बाइक वर्ष 2019 में फिरोजाबाद जनपद से चोरी हुई थी। पूछताछ में आरोपित ने कबूल किया था कि उसने यह बाइक बिधूना के ही एक युवक से खरीदी थी।
पुलिस सूत्रों का कहना है कि केवल एक आरोपित के बयान पर किसी अन्य की गिरफ्तारी नहीं हो सकती, इसलिए पुलिस इस मामले में पुख्ता तकनीकी और जमीनी साक्ष्य जुटा रही है।
पुलिस यह भी पता लगा रही है कि फिरोजाबाद से चोरी हुई बाइक बिधूना तक आखिर कैसे पहुंची और क्षेत्र में चोरी की बाइकों के मुख्य सप्लायर कौन है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनेश कुमार ने बताया कि दोनों मामलों में बरामद बाइकों के संबंध में अन्य कड़ियों को जोड़ा जा रहा है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि बिधूना क्षेत्र में चोरी की बाइकों की सप्लाई करने वाले मुख्य सरगनाओं का पता लगाया जा रहा है। जल्द ही उन पर शिकंजा कसा जाएगा।