Delhi PG Collapse: 5 मंजिला पीजी में औरैया के युवक की भी दबकर मौत, दिल्ली में रहकर कर रहा था पढ़ाई
दिल्ली के सत्य निकेतन में पांच मंजिला पीजी इमारत ढहने से सात लोगों की मौत हो गई, जिसमें औरैया के ...और पढ़ें

दिबियापुर निवासी पवन की फाइल फोटो। स्वजन
HighLights
घटना पता लगने पर स्वजन दिल्ली के लिए रवाना हो गए
दिल्ली में रहकर डाक्टरी की पढ़ाई कर रहा था
संवाद सूत्र, दिबियापुर(औरैया)। दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में रविवार दोपहर को एक पांच मंजिला पीजी (पेइंग गेस्ट) इमारत भरभराकर ढह गई, जिसमें सात लोगों की मौत होने की बात सामने आई। मलबे में दबने वालों में दिबियापुर निवासी पवन पुत्र विशंभर भी रहा। घटना पता लगने पर स्वजन दिल्ली के लिए रवाना हो गए।
दिबियापुर कस्बा के बाबू दयाराम नगर स्थित कैलाश बाग निवासी 22 वर्षीय पवन पुत्र विशंभर की दिल्ली में पांच मंजिला इमारत गिरने से मलबे में दबकर मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही स्वजन बेहाल हो गए। बताया गया कि पवन दिल्ली में रहकर डाक्टरी की पढ़ाई कर रहा था। जुलाई में ही उसका चयन हुआ था।
रक्षाबंधन के बाद वह दिल्ली वापस गया था। सोमवार को स्वजन को सूचना मिली कि जिस इमारत में पवन मौजूद था, वह ढह गई और वह मलबे में दब गया। जानकारी मिलते ही उसकी बहन और पिता दिल्ली रवाना हो गए।
दोपहर बाद घर पर पवन की मौत की सूचना पहुंची तो मुहल्ले में मातम छा गया। शव घर आने की जानकारी पर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए और हादसे के संबंध में जानकारी जुटाते रहे। फिलहाल घटना की विस्तृत जानकारी परिवार को नहीं मिल सकी है।
पवन चार बहनों में इकलौता भाई था। उसके पिता विशंभर होम्योपैथिक चिकित्सक रहे हैं और करीब आठ वर्ष पहले सेवानिवृत्त हो चुके। इकलौते बेटे की मौत की खबर से सभी का रो-रोकर बुरा हाल है।
