औरैया में आशीर्वाद समारोह में विवाद के बाद शादी टूटी, बिना दुल्हन लौटी बारात
औरैया के दिवरिया गांव में आशीर्वाद समारोह के दौरान हुए विवाद के बाद एक शादी टूट गई और बारात बिना दुल्हन के लौट गई। बाद में दोनों परिवारों ने आपसी बातच ...और पढ़ें

HighLights
रातभर म्यूजिक सिस्टम पर झूमे बराती-घराती, सुबह विवाद के बाद लौटी बरात
रातभर चली पंचायत, नहीं बनी सहमति, आपसी बातचीत से शांत हुआ मामला
संवाद सूत्र, अछल्दा (औरैया)। ग्राम दिवरिया में गुरुवार रात आयोजित एक शादी समारोह उस समय विवाद की भेंट चढ़ गया, जब आशीर्वाद समारोह के दौरान हुई कहासुनी के बाद विवाह संपन्न नहीं हो सका। पूरी रात दोनों पक्षों के बीच पंचायत और समझौते के प्रयास चलते रहे, लेकिन तत्काल सहमति नहीं बन सकी।
शुक्रवार सुबह बरात बिना दुल्हन के वापस लौट गई। हालांकि बाद में दोनों परिवारों के बीच आपसी बातचीत के बाद विवाद को शांतिपूर्ण ढंग से सुलझा लिया गया। किसी भी पक्ष ने पुलिस में शिकायत नहीं दी है।
इटावा जनपद के ग्राम पिलखुना की मड़ैया निवासी युवक की बरात गुरुवार रात पूरे उत्साह और धूमधाम के साथ दिवरिया पहुंची थी। द्वारचार और जयमाला की रस्में हंसी-खुशी संपन्न हुईं। रातभर म्यूजिक सिस्टम पर बराती और घराती जमकर नाचते रहे तथा माहौल पूरी तरह उत्सवमय बना रहा।
शुक्रवार सुबह आशीर्वाद समारोह के दौरान दूल्हा और दुल्हन के भाई के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस दौरान दुल्हन के भाई ने दूल्हे के प्रति अभद्र टिप्पणी कर दी, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। विवाद बढ़ने पर दुल्हन ने भी दूल्हे को दुबला-पतला बताते हुए शादी करने से इन्कार कर दिया।
इसके बाद दोनों पक्षों के रिश्तेदारों और ग्रामीणों ने मामले को सुलझाने का भरसक प्रयास किया। पूरी रात पंचायत चलती रही और दोनों परिवारों के बीच कई दौर की बातचीत हुई, लेकिन तत्काल कोई समाधान नहीं निकल सका। अंततः शुक्रवार सुबह बरात बिना दुल्हन के वापस लौट गई। गांव के लोगों का कहना है कि दूल्हा पहले भी कई बार दुल्हन के घर आ चुका था और उस समय परिवार की ओर से उसके व्यक्तित्व या अन्य किसी बात को लेकर कोई आपत्ति नहीं जताई गई थी।
खबरें और भी
ऐसे में विवाह के अंतिम चरण में उत्पन्न हुए विवाद से दोनों पक्षों के लोग भी हैरान रह गए। दुल्हन के बाबा ने बताया कि उन्होंने कई बार बेटे और बहू को समझाने का प्रयास किया, लेकिन उन्होंने किसी की बात नहीं मानी, जिसके कारण विवाह नहीं हो सका। थाना प्रभारी सुरेश चंद्र ने बताया कि मामले की कोई सूचना या तहरीर पुलिस को नहीं मिली है। यदि किसी पक्ष की ओर से शिकायत दी जाती है तो जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, स्वजन ने बताया कि बाद में आपसी बातचीत के माध्यम से विवाद समाप्त हो गया। दोनों परिवारों ने आपसी तालमेल से समझौता कर लिया है और किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस में कोई तहरीर नहीं दी गई है।