Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    औरैया में सावन मेले के लिए रूट डायवर्जन लागू, बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे से निकलेंगे जालौन से आने वाले भारी वाहन

    Updated: Mon, 10 Aug 2026 03:38 PM (IST)

    श्रावण मास के दूसरे सोमवार और शिवरात्रि पर्व के लिए औरैया में भारी वाहनों के रूट डायवर्जन की एडवाइजरी जारी की गई है। ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    HighLights

    1. सावन मेले और शिवरात्रि के लिए भारी वाहनों का रूट डायवर्जन।

    2. जालौन से आने वाले भारी वाहन बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे से गुजरेंगे।

    3. देवकली मंदिर मार्ग पर केवल दर्शनार्थियों के वाहन चलेंगे।

    जागरण संवाददाता, औरैया। श्रावण मास के दूसरे सोमवार (आज) और 11 अगस्त श्रावण मास शिवरात्रि पर्व के दृष्टिगत पुलिस ने यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए भारी वाहनों के रूट डायवर्जन की एडवाइजरी जारी की है। डायवर्जन रविवार शाम छह बजे से लागू हो चुका है। 11 अगस्त मंगलवार की रात तक यह रहेगा। जालौन से औरैया आने वाले भारी वाहन बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे से निकलेंगे।

    पुलिस के अनुसार, श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए देवकली मंदिर समेत जिले के अन्य प्रमुख मंदिरों के आसपास यातायात व्यवस्था को सुरक्षित और सुगम बनाए रखने के लिए भारी वाहनों को निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से गुजारा जा रहा।

    जालौन से विलराया- पनवाड़ी मार्ग (औरैया-जालौन ) होते हुए औरैया आने वाले भारी वाहन बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे से अपने गंतव्य की ओर जाएंगे । कन्नौज और छिबरामऊ से ऐरवाकटरा की ओर आने वाले भारी वाहन सौरिख कट से आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के रास्ते जाएंगे।

    इटावा-ऊसराहार से ऐरवाकटरा की ओर आने वाले भारी वाहनों को उमरैन पुल के नीचे से आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे की सर्विस रोड होते हुए भरथना-इटावा की ओर डायवर्ट किया गया है।

    वहीं, कानपुर देहात से याकूबपुर-बेला होते हुए औरैया आने वाले भारी वाहन रसूलाबाद चौराहा से झींझक होते हुए कानपुर-इटावा हाईवे (एनएच-19) से अपने गंतव्य को जाएंगे। कंचौसी से औरैया आने वाले भारी वाहन भी झींझक होते हुए एनएच-19 का रास्ता अपनाएंगे।

    इटावा से औरैया आने वाले भारी वाहनों को कुदरकोट कट से बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे और फिर आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे की ओर भेजा जाएगा। औरैया से जालौन की ओर जाने वाले भारी वाहनों को मंगलाकॉल चौराहा से डायवर्ट कर एनएच-19 और बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे के रास्ते भेजा जाएगा।

    खबरें और भी

    देवकली मंदिर मार्ग पर चलेंगे दर्शनार्थियों के वाहन

    मां मंगलाकॉल चौराहा (जालौन चौराहा)से देवकली मंदिर मार्ग पर केवल दर्शनार्थियों के वाहनों को जाने की अनुमति होगी। इसके अलावा मंदिर तक श्रद्धालुओं को ले जाने वाले आटो व ई-रिक्शा आदि छोटे वाहन चलेंगे।

    इसी प्रकार देवकली चौराहा (खानपुर चौराहा) से मंदिर की ओर भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। यहां से केवल मंदिर जाने वाले दर्शनार्थियों के वाहन, आटो, ई-रिक्शा और पिकअप आदि को जाने की अनुमति होगी।

    देवकली चौराहा की सर्विसलेन पर नहीं आएंगे भारी वाहन

    बेला से दिबियापुर की ओर आने वाले भारी वाहन बेला तिराहा से रसूलाबाद होते हुए अपने गंतव्य को जाएंगे। एनएच-19 पर कानपुर की ओर से आने वाले भारी वाहन देवकली चौराहा और जालौन चौराहा पर सर्विस लेन की ओर नहीं आएंगे।

    दिबियापुर और बेला की ओर जाने वाले भारी वाहन मुरादगंज-फफूंद चौराहा और दिबियापुर होते हुए जाएंगे। दिबियापुर से औरैया की ओर आने वाले भारी वाहनों को फफूंद चौराहा, दिबियापुर से मुरादगंज होते हुए एनएच-19 से अपने गंतव्य की ओर भेजा जाएगा।

    यातायात की व्यवस्था देख रहे देवेंद्र कुमार ने बताया कि शहर में किसी भी चौराहे या तिराहे से भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। यह स्पष्ट किया है कि एनएच-19 पर यातायात सामान्य रूप से संचालित रहेगा। शेष यातायात व्यवस्था भी सामान्य रहेगी।

    हेल्पलाइन नंबरों पर करें कॉल

    यातायात संबंधी किसी समस्या के लिए पुलिस ने जनपदीय यातायात नियंत्रण कक्ष बनाया है। किसी भी समस्या के लिए सीयूजी नंबर 9454402894 और 8299405438 पर संपर्क किया जा सकता है। राज्य यातायात नियंत्रण कक्ष के टोल फ्री नंबर 18001801490 पर भी सूचना दी जा सकती है।

    यातायात प्रभारी अख्तर हुसैन ने बताया कि एसपी के निर्देश पर सभी चिह्नित प्वांइटों पर वाहनों को रोकने के लिए बैरीकेडिंग लगाई गई है। ड्यूटी चार्ट के अनुसार निर्धारित स्थानों पर यातायात पुलिस कर्मियों को तैनात कर दिया गया है।